“कनाडा से आया शख्स कोरोना पॉजिटिव” चार की रिपोर्ट का इंतजार, दुर्ग में 43 एक्टिविटिज केस
भिलाई नगर, 20 दिसंबर। विदेशों से आए लोगों की वजह से नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की दस्तक छत्तीसगढ़ में हो चुकी है। कल रायगढ़ में एक ऐसे व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जो कनाडा से लौटा है। स्वास्थ्य विभाग ने यह नमूना जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भुवनेश्वर भेज दिया है।
गौरतलब हो कि अब तक विदेश से प्रदेश लौटे 6 लोगों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। बिलासपुर के दो मुसाफिरों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट भी आ गई है। उनमें ओमिक्रॉन वैरिएंट की मौजूदगी नहीं मिली है लेकिन चार नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है। प्रशासन ने विदेशों से लौटे लोगों को होम क्वारैंटाइन कर दिया है। उनके संपर्क में आए लोगों की भी जांच की गई है। कल पूरे प्रदेश में 11 हजार 183 नमूनों की जांच हुई, इनमें से 21 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। सबसे अधिक 9 मामले रायपुर, 5 रायगढ़ और 3 नए संक्रमित दुर्ग जिले में मिले हैं। छत्तीसगढ़ में अभी 332 मरीजों का इलाज जारी है, इनमें 83 मरीज रायगढ़ जिले में हैं। दुर्ग जिले में 43, रायपुर में 39, बिलासपुर में भी 32 एक्टिव केस हैं।

