पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत गिरफ्तार ,ज्योतिरादित्य के प्रवास के दौरान बड़ा बवाल, समर्थकों ने घेरा थाना, की तोड़फोड़
रायपुर, 5 फरवरी। आज नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रवास के दौरान रायपुर में बड़ा बवाल हो गया। उन्हें काले झंडे दिखाने जुटे कांग्रेस नेताओं की पहले भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से मारपीट हुई और फिर पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने पुलिस वालों से जमकर गाली-गलौज की। बाद में उन्हें हिरासत में भी ले लिया गया। विधानसभा थाने में राजेश मूणत पर हाथ उठाए जाने की खबर सुनकर भाजपा के कार्यकर्ता गुस्से में हैं। उन्होंने थाने में तोड़फोड़ की है।

गौरतलब हो कि आज जैसे ही सिंधिया एयरपोर्ट पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की बाइक रैली उन्हें लेकर रायपुर की ओर रवाना हुई। रास्ते में माना-वीआईपी रोड के पास कांग्रेसी नेता सिंधिया को काले झंडे दिखाने की तैयारी में थे। खबर है कि इसी बात को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच झड़प हो गई। वीआईपी रोड पर तैनात पुलिस कर्मी फौरन नेताओं के पास पहुंचे और उन्हें अलग कराया। इसके कुछ देर बार जेल रेड स्थित एक होटल के पास भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंत्री राजेश मूणत अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। मूणत बेहद गुस्से में थे उन्होंने सिटी एसपी तारकेश्वर पटेल से कहा कि उन्होंने 15 साल छत्तीसगढ़ में राज किया है, इतना कहकर मूणत ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया। पुलिस के रोके जाने के बाद भी मूणत अपने कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़े, करीब एक से डेढ़ घंटे तक चले इस बवाली माहौल के बीच भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय की ओर चले गए।

दूसरी तरफ घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी राजेश मूणत को ढूंढने निकले। पता चला कि मंत्री रुद्र गुरू के घर के सामने मूणत और एक भाजपा कार्यकर्ता ने किसी कांग्रेसी की पिटाई कर दी है। वहां जब पुलिस वालों ने उन्हें घेरा तो मूणत के तेवर पहले तो ढीले पड़े और उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि उन्होंने गाली दी है तो वे माफी चाहते हैं, लेकिन बाद में फिर वे भड़क गए। उन्होंने कहा कि शहर में बदमाशों को रोक नहीं पा रहे हैं, शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है और हम पर जोर दिखा रहे हैं। इसके बाद उन्हें पुलिस अपने साथ ले गई। राजेश मूणत के साथ शुभांकर नाम के भाजपा कार्यकर्ता भी हैं, जिन्हें पुलिस की टीम विधानसभा थाने लेकर जा रही है। मूणत ने बताया कि उन्हें अलग-अलग थाने घुमाया गया। पहले सिविल लाइन थाने ले जाया गया और अब विधानसभा थाने ले जाया जा रहा है। यह पूछे जाने पर कि कार्रवाई किस वजह से की गई है? मूणत ने कहा कि यह पुलिस ही बता पाएगी, काले झंडे कांग्रेस के नेता हमारे नेता को दिखा रहे थे हमने उन्हें रोका धक्का मुक्की हुई तो हम पर कार्रवाई की जा रही है, क्योंकि पुलिस कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का कुछ कर नहीं सकती। विधानसभा थाने में राजेश मूणत पर हाथ उठाए जाने की खबर सुनकर भाजपा के कार्यकर्ता गुस्से में हैं। उन्होंने थाना घेर लिया है।

