रांग साईड आ रही ऑटो की एम्बुलेंस को ओवरटेक कर रही बाईक से टक्कर 🛑 हास्पिटल पहुंचते बाईक चालक की मौत, ऑटो चालक फरार 🛑 सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तलाश‌ रही पुलिस


भिलाई नगर, 1 जून।‌ कुम्हारी थाना क्षेत्र में आज एक बाइक और ऑटो के बीच हुई टक्कर से बाईक चालक की मौत हो गई। आटो चालक ठोकर मार मौके से भाग निकला जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था, अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल कुम्हारी पुलिस मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में जुटी है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है जिसके आधार पर आटो चालक की तलाश जारी है।मिली जानकारी के अनुसार घटना आज सुबह की है। ग्राम सनडोंगरी जिला रायपुर निवासी सूर्यदेव साहू (23 वर्ष) केटरिंग काम करता है। वह सुबह करीब पौने 6 बजे किसी काम से कुम्हारी जाने निकला था। वहां से लौटते समय अचानक रायपुर जाने वाली रोड में बालाजी हॉस्पिटल कुम्हारी चौक के पास रॉन्ग साइड से आ रही ऑटो से बाईक की टक्कर हो गई। बाइक सवार सूर्यदेव जब बालाजी हॉस्पिटल को पार कर रहा था, तभी उसके सामने एक एंबुलेंस थी। जिसे वह ओवरटेक कर रहा था तभी अचानक सामने ऑटो आ गई जिससे टकराकर वह दूर फेंका गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ऑटो और बाइक के बीच हुई यह दुर्घटना पास के दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर ऑटो चालक की खोजबीन शुरू कर दी है फिलहाल ऑटो चालक का पता नहीं चल पाया है।