सास ससुर के कहने पर पत्नी से किया किनारा, राशन पानी बंद करने से परेशान महिला पहुंची थाना, बेटे सहित पिता के घर लौटी
भिलाई नगर, 17 जून। शादी में मिले उपहार पर नुक्स निकालने वाले माता पिता के कहने पर पत्नी से किनारा करने वाले पति सहित कुसुमकसा बालोद के गुणधर परिवार पर महिला थाना में धारा 34 व 498-ए के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पीड़िता प्रीति (26 वर्ष) का आरोप है कि पति का अन्य महिला से अफेयर और समझौते की हर गुंजाइश के विरोधी दहेज लोभी गुणधर परिवार की हठधर्मिता के कारण उसने रिपोर्ट दर्ज करवायी है। वह पिछले पांच महीने से रानीतराई स्थित पिता के घर अपने बेटे के साथ रह रही है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रीति का विवाह 25 जून 2019 को राहुल गुणधर पिता भवरलाल गुणधर निवासी जैन मंदिर के पास, बस स्टैण्ड कुसुमकसा के साथ सम्पन्न हुई थी। शादी में सोने चांदी के जेवर, सभी घरेलू आवश्यक सामान और नगदी 41 हजार रूपये उपहार स्वरूप दिये गए। जहां पांच माह सब ठीक रहा, उसके बाद पति राहुल गुणधर, ससुर भवरलाल और सास राजकुमारी मिलकर प्रीति के मायके वालों के द्वारा दिए गए उपहार स्वरूप सामान में नुक्स निकालने लगे। उसे कई प्रकार के ताने मारे जाते थे। प्रीति ने पुलिस को बताया कि गुणधर परिवार उसे घर में नौकरानी की तरह रखता और छोटी छोटी घरेलू बातों पर गाली गलौच करते मारपीट कर शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। उसके पति को सास ससुर ने अलग कर दिया। एक अलग किचन देने के बाद पति उसे छोड़कर अपने माता पिता के साथ ही रहता था। प्रीति के अनुसार सास ससुर उसके पति को शारीरिक संबंध रखने से मना करते थे। प्रीति सबकुछ सहन करती रही। लगभग एक माह से राहुल उसे लगातार मारपीट कर प्रताड़ित करने लगा। राहुल का किसी महिला से संबंध है, जिससे वह और भी मानसिक रूप से परेशान हो गई। मायके में सूचना पाकर प्रीति के पिता राहुल और ससुराल वाले को समझाने गए लेकिन वो लोग नहीं माने और धीरे धीरे ससुराल में उसे राशन और अन्य सामाग्री भी देना बंद कर दिया ताकि वह मायके लौट जाए। प्रीति ने महिला थाना सेक्टर-6 में शिकायत की जिसकी कांउसिंलग भी हुई मगर गुणधर परिवार ने किसी भी समझौते को तैयार नहीं हुआ अंततः प्रीति ने पति, सास और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवायी है।

