सीजी न्यूज ऑनलाइन 08 मई 2026। Art of Living Foundation अपनी स्थापना के 45 वर्ष पूरे होने के अवसर पर Bengaluru में 10 मई से 26 मई तक विशेष वैश्विक आयोजन करने जा रहा है। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक Sri Sri Ravi Shankar 13 मई को अपना 70वां जन्मदिवस भी मनाएंगे। इन दोनों अवसरों के ऐतिहासिक संयोग पर आयोजित कार्यक्रम में 182 से अधिक देशों के प्रतिभागी प्रत्यक्ष और ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे।
इस महाआयोजन के प्रमुख अतिथि Narendra Modi होंगे। प्रधानमंत्री 10 मई को Art of Living International Center में स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे मेडिटेशन हॉल ‘ध्यान मंदिर’ का उद्घाटन करेंगे और मानसिक स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, प्रकृति संरक्षण तथा सामाजिक परिवर्तन से जुड़ी राष्ट्रव्यापी सेवा पहलों की शुरुआत करेंगे।

13 मई को श्रीश्री रवि शंकर के जन्मदिवस पर ‘विश्व शांति के लिए वैश्विक ध्यान’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसका विश्वभर में लाइव प्रसारण होगा। आयोजन के दौरान 182 देशों की सांस्कृतिक झलक पेश की जाएगी, जिसमें संगीत, नृत्य और विविध कलात्मक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।
विशेष समारोह में भारत के 450 से अधिक जिलों में कार्य कर रहे अनसुने नायकों का सम्मान किया जाएगा। वहीं 25 और 26 मई को ‘कैदी कल्याण और नीतिगत सुधार’ विषय पर विशेष गोलमेज चर्चा आयोजित होगी। इसका उद्देश्य जेल सुधार की सर्वोत्तम पद्धतियों को साझा करना और कैदियों के पुनर्वास में आर्ट ऑफ लिविंग के सकारात्मक प्रभाव को सामने लाना है।
BIMSTEC के सहयोग से ‘बिम्सटेक यूथ लीडरशिप एक्सचेंज’ कार्यक्रम भी होगा। इसमें सातों बिम्सटेक देशों के युवा नेता आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नेतृत्व प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

गौरतलब है कि श्रीश्री रवि शंकर ने 1981 में आर्ट ऑफ लिविंग की स्थापना की थी। आज यह एक वैश्विक स्वयंसेवक-आधारित मानवीय और शैक्षिक संगठन के रूप में कार्य कर रहा है। संस्था का दावा है कि ‘सुदर्शन क्रिया’ जैसी श्वास तकनीकों और सतत विकास की पहलों के माध्यम से वह दुनिया भर में एक अरब से अधिक जीवनों को स्पर्श कर चुकी है।

