राष्ट्रीय शोक का ऐलान, प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 6 फरवरी। स्वर कोकिला के नाम से प्रख्यात लता मंगेशकर का आज 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वह पिछले 29 दिनों से मुंबई के अस्पताल में भर्ती थीं। वहां उनका कोरोना संक्रमण और निमोनिया का इलाज चल रहा था। उन्हें कई दिन वेंटीलेटर और आईसीयू में भी रखा गया था। महान गायिका लता मंगेशकर का स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद शनिवार को उन्हें दोबारा वेंटिलेटर पर रखा गया था और वह लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थीं। उनका इलाज कर रहे एक डॉक्टर ने कल यह जानकारी दी थी।
लता मंगेशकर को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद 8 जनवरी को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां डॉ प्रतीत समदानी और डॉक्टरों की टीम की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर शोक प्रकट किया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने दुख जताया है. उन्होंने कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए कहा, ‘मैं अपनी पीड़ा शब्दों में बयां नहीं कर सकता. दयालु लता दीदी हमें छोड़कर चली गई हैं. वह हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गईं, जिसे भरा नहीं जा सकता. आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी.’एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा, ‘लता दीदी के गानों ने कई तरह के इमोशन्स को उभारा है. उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा. फिल्मों से परे, वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं. वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थीं. मैं इसे अपना सम्मान मानता हूं कि मुझे हमेशा लता दीदी से अपार स्नेह मिला है. उनके साथ मेरी बातचीत अविस्मरणीय रहेगी. लता दीदी के निधन पर मैं भी अपने साथी भारतीयों की तरह शोक में हूं. उनके परिवार से बात की और संवेदना व्यक्त की. ॐ शांति.’

