भिलाई नगर, 12 अक्टूबर। भिलाई इस्पात संयंत्र में ईडी वर्क्स अंजनी कुमार द्वारा उत्पादन को लेकर फटकार लगाने के बाद कोक ओवन के सीजीएम राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफा देने से बीएसपी में हड़कंप मच गया है। ऑफिसर्स एसोसिएशन ने डायरेक्टर इंचार्ज अनिर्बान दासगुप्ता से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
यह मामला 10 अक्टूबर का है जिसमें रुटीन मीटिंग के दौरान उत्पादन को लेकर ईडी वर्क्स अंजनी कुमार ने सीजीएम राजीव श्रीवास्तव पर जमकर नाराजगी जताई और कुछ ऐसी बात कह डाली जो कि सीजीएम को बुरी लगी और वे तत्काल ईडी वर्क्स के चेंबर से निकल अपने दफ्तर पहुंचे और इस्तीफा लिखकर दे दिया। उसके बाद से उनका मोबाइल भी बंद है। उनकी जगह मंगलवार को ईडी वर्क्स की बैठक में समीर राय चौधरी शामिल हुए। वर्तमान में वे ही राजीव श्रीवास्तव का चार्ज देख रहे हैं। सोमवार को ही एक अन्य बैठक में ओएचपी के मैनेजर को ईडी वर्क्स के गुस्से का सामना करने की भी खबर है, हालांकि उसने शिकायत नहीं की है।
गौरतलब हो कि सीजीएम राजीव श्रीवास्तव का मामला प्रकाश में आने के बाद संयंत्र के कई अन्य अधिकारी अब खुलकर ईडी वर्क्स की शिकायत करने लगे हैं। अफसरों का कहना है कि इस तरह के व्यवहार करने वाले अफसरों का ओए खुलकर विरोध करेगा। भिलाई इस्पात संयंत्र में प्रतिदिन 16 हजार टन हाट मेटल का उत्पादन होता है। इस समय यह घटकर प्रतिदिन 14 हजार टन तक पहुंच गया है।
बीएसपी आफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एनके बंछोर ने कहा कि बीएसपी
ईडी वर्क्स अंजनी कुमार द्वारा कोक ओवंस के सीजीएम के साथ जिस तरह का व्यवहार किए जाने की जानकारी हमें मिली है। उसके आधार पर हमने डायरेक्टर इंचार्ज को हस्तक्षेप करने के लिए कहा है। यही नहीं सभी अफसरों की उपस्थिति में बैठक भी बुलाई जाएगी, किसी को यह अधिकार नहीं है कि वह अफसरों के साथ अभद्र व्यवहार करे।

