देवदूत बना RPF कांस्टेबल, चलती ट्रेन से गिरी गर्भवती महिला की बचाई जान,
मुंबई. सोशल मीडिया पर रोजाना कोई ना कोई वीडियो वायरल होता है. इनमें कुछ ऐसे होते हैं, जिनमें लोगों की जान बचाई गई होती है या उन्हें मुश्किल में फंसने से बचाया जाता है. ऐसा ही एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर आया. यह वीडियो महाराष्ट्र के कल्याण रेलवे स्टेशन का है. इसमें एक आरपीएफ कांस्टेबल ट्रेन से गिरी गर्भवती महिला की जान बचाते दिख रहा है.
इस वीडियो को समाचार एजेंसी ANI ने पोस्ट किया है. इसमें देखा जा सकता है कि महाराष्ट्र के कल्याण रेलवे स्टेशन से सोमवार को कोई ट्रेन चली है. इस बीच यात्रियों में ट्रेन पर चढ़ने और उतरने की होड़ लगती है.
तभी चलती ट्रेन से एक गर्भवती महिला प्लेटफॉर्म पर उतरने का प्रयास करती है, लेकिन उसका पैर फिसल जाता है और वह गिर जाती है. उसे गिरता देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद सभी लोगों में हड़कंप मच जाता है.
चलती ट्रेन के साथ ही उसके नीचे गिरने के बाद ट्रेन के नीचे चले जाने का खतरा था. ऐसे में प्लेटफॉर्म पर मौजूद रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) के एक कांस्टेबल एसआर खांडेकर ने तुरंत सतर्कता दिखाई और महिला को बचाने के लिए छलांग लगा दी. उसने महिला को खींचकर ट्रेन से सुरक्षित दूरी तक पहुंचाया और उसकी जान बचाई.
जानकारी के अनुसार चंद्रेश नाम का व्यक्ति अपने बच्चे और 8 महीने की गर्भवती पत्नी के साथ गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन में सफर करने के लिए कल्याण रेलवे स्टेशन पहुंचा था. लेकिन स्टेशन पर किसी गलती से वे लोग दूसरी ट्रेन में चढ़ गए थे. जब ट्रेन चली तो उन्हें गलत ट्रेन में चढ़ने के बारे में पता चला. इसके बाद सभी नीचे उतरने लगे. चलती ट्रेन से नीचे उतरने के दौरान ही गर्भवती पत्नी गिर गई, जिसे आरपीएफ कांस्टेबल ने बचा लिया. (news18.com)

