DJ पर बज रहा था अश्लील गाना, तभी आ गए प्रोफेसर साहेब

DJ पर बज रहा था अश्लील गाना, तभी आ गए प्रोफेसर साहेब


🛑 रोका तो छात्र ने जड़ दिया थप्पड़, फिर…

सीजी न्यूज ऑनलाइन 23 फरवरी । Gwalior Amity University: मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में एक छात्र द्वारा प्रोफेसर को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है. दरअसल, छात्र डीजे पर अश्लील गाने बजा रहा था, जिसे बंद कराने के लिए प्रोफेसर आए थे. इससे नाराज छात्र ने उन पर हमला कर दिया. यह घटना शुक्रवार दोपहर ई-ब्लॉक परिसर में हुई.

DJ बंद कराने पर छात्र ने प्रोफेसर को मारा थप्पड़


दरअसल, ग्वालियर के एमिटी यूनिवर्सिटी के ई-ब्लॉक कैंपस में शुक्रवार दोपहर प्रोफेसर कुलदीप सिंह पर एक छात्र ने हमला कर दिया. प्रोफेसर ने छात्र को डीजे पर अश्लील गाने बजाने से रोका था. इससे नाराज छात्र ने उसे थप्पड़ और लात से पीटा. घटना की शिकायत महाराजपुरा थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. जिसके बाद प्रोफेसर शनिवार शाम अपने साथियों के साथ एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह से मिले और केस दर्ज करने की मांग की. पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

जानिए पूरा मामला


बता दें कि कुलदीप सिंह महाराजपुरा स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं और वे ई-ब्लॉक प्रांगण के प्रोक्टोरिल इंचार्ज भी हैं. शुक्रवार को ई-ब्लॉक परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह घटना हुई. सूरी नगर राघवपुरम सीपी कॉलोनी निवासी छात्र करण गुर्जर डीजे साउंड पर डांस कर रहा था, लेकिन जब उसने अश्लील गाने बजाने शुरू कर दिए तो एचओआई डायरेक्टर विकास थाडा ने प्रोफेसर कुलदीप सिंह से ये गाने बंद करने को कहा. जब प्रोफेसर कुलदीप सिंह ने डीजे बंद कराया तो करण गुर्जर भड़क गया और उसने प्रोफेसर को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद करण और उसके दोस्तों ने प्रोफेसर की लात-घूसों से पिटाई कर दी. जब और लोग इकट्ठा हुए तो करण दीवार फांदकर भाग गया.

कार्रवाई का आश्वासन


प्रोफेसर कुलदीप सिंह ने जब महाराजपुरा थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और 24 घंटे बाद भी कोई मामला दर्ज नहीं किया. इसके बाद शनिवार शाम को प्रोफेसर अपने सहयोगी स्टाफ के साथ एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह से मिले और आरोपी छात्र के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करने की मांग की. प्रोफेसर की शिकायत पर एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया.