एक दोस्त को पिलाई शराब, दूसरे को पूछा नहीं तो नाराज हो सिर फोड़ दिया, होटल वाइल्ड फायर में देर रात हंगामा
भिलाई नगर, 14 जून। कल देर रात होटल वाइल्ड फायर में शराब न पिलाने की बात पर एक युवक ने दूसरे को जमकर पीट दिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक ने अपने दोस्त को शराब पिलाई लेकिन आरोपी को पूछा तक नहीं, जिससे नाराज हो उसने मारपीट शुरू कर दी। रात 12 बजे घटना की रिपोर्ट छावनी थाना में दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केम्प 1 की हैदराबाद कालोनी वार्ड नं 30 निवासी सहैल अहमद (28 वर्ष) कल रात 11 बजे होटल वाइल्ड फायर सूर्या नगर केम्प 2 पहुँचा और मैनेजर को अपनी पुरानी उधारी को चुकता किया। करीबन साढ़े 11 बजे अनूप उर्फ गैरी संधु अपने दोस्त सन्नी के साथ होटल पहुंचा तो सुहैल ने सन्नी को अपने साथ लेकर शराब पिलाया मगर अनूप उर्फ गैरी संधु को उसने शराब के लिए पूछा तक नहीं। नाराज अनूप ने मुझे शराब क्यो नहीं पिलाया कहकर गाली गलौज शुरू कर दिया। सुहैल ने उसे जब गाली देने से मना किया तो विवाद बढा़ गया और अनूप ने सुहैल को जान से मारने की धमकी देते हुए अपने हाथ में रखे किसी चीज से उसके सिर पर मारा जिससे खून निकलने लगा। होटल में मौजूद उमेश शर्मा, सूरज पाल ने बीचबचाव कर सुहैल को छुड़वाया तो अनूप मौके से निकल भागा। छावनी पुलिस ने आरोपी अनूप के खिलाफ धारा 294, 323, 506बी के तहत जुर्म दर्ज किया है।

