🔴50 से ज्यादा प्रकार की सामग्री जब्त
दुर्ग, 12 अगस्त 2026। किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने और उर्वरक-कीटनाशकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने पाटन विकासखंड में बड़ी कार्रवाई की है। जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने निरीक्षण के दौरान बिना वैध दस्तावेज, अवसान तिथि के बाद तथा बिना बैच नंबर के कृषि आदान सामग्री के भंडारण का खुलासा करते हुए चार गोदामों को सीलबंद किया है।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर 8 अगस्त को कृषि विभाग की टीम ने पाटन क्षेत्र में कृषि आदान विक्रेताओं और गोदामों का निरीक्षण किया। वृंदावन नगर, अमलेश्वर स्थित एक परिसर में शिवालय क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित कृषि आदान सामग्री का भंडारण मिला। मौके पर मौजूद कर्मचारी से लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
बिना दस्तावेज मिला भारी मात्रा में स्टॉक
जांच के दौरान गोदाम में विभिन्न प्रकार के कीटनाशक, जैव उत्प्रेरक और जैविक उर्वरक पाए गए। इनमें कुछ सामग्री अवसान तिथि के बाद की तथा कुछ बिना बैच नंबर की थी। विभाग ने कीटनाशी अधिनियम 1968, कीटनाशी नियम 1971 एवं उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की।
गोदाम में अलग से बने भवन में भी कृषि आदान सामग्री मिलने की आशंका पर उसे सील किया गया था। 9 अगस्त को प्रोपराइटर प्रमोद कुमार साहू की मौजूदगी में भवन खोला गया तो वहां अवसान तिथि के बाद का 450 लीटर और 376 किलो कीटनाशक, 1210 किलो जैव उत्प्रेरक तथा 34 बोरियों में खाली रैपर मिले। खाली पैकिंग सामग्री मिलने से कृषि आदान की अवैध पैकिंग की आशंका भी जताई गई है।
दूसरे प्रतिष्ठान के दो गोदाम भी सील
उप संचालक कृषि संदीप भोई के अनुसार, एक मालवाहक सहित दूसरे परिसर के निरीक्षण में कॉर्टेक्स एग्रो साइंस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कीटनाशक एवं जैव उत्प्रेरक का भंडारण और विक्रय पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित दो गोदामों को भी सीलबंद किया गया।
जांच के दौरान इन परिसरों में खाली कंटेनर, इस्तेमाल किए हुए बोरे और विभिन्न प्रकार के लेबल भी मिले। विभाग को यहां भी कृषि आदान सामग्रियों की अवैध पैकिंग किए जाने की आशंका है।
चार गोदामों से बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त
कृषि विभाग के अनुसार, दोनों कंपनियों से जुड़े चार गोदामों से 50 से अधिक प्रकार की कृषि आदान सामग्री जब्त की गई है। इनमें लगभग 10,124 लीटर एवं 1,884 किलोग्राम कीटनाशक तथा 1,840 लीटर एवं 3,665 किलोग्राम जैव उर्वरक शामिल हैं। जब्त सामग्री संबंधित प्रोपराइटरों की सुपुर्दगी में दी गई है और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने लेकर अधिसूचित प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कालाबाजारी और अमानक सामग्री पर होगी कड़ी कार्रवाई
उप संचालक कृषि संदीप भोई ने कहा कि किसानों को खाद और कीटनाशक की किल्लत पैदा करने, कालाबाजारी करने अथवा बिना वैध दस्तावेज अमानक कृषि सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। सभी विक्रेताओं और समितियों को किसानों को निर्धारित दर पर ही कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि खाद, बीज या कीटनाशक की बिक्री में अधिक कीमत वसूलने, गुणवत्ता संबंधी संदेह या अन्य अनियमितता पाए जाने पर इसकी शिकायत नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय में करें। खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

