कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बाद जिले में लापता 80 विदेशी यात्रियों की खोजबीन शुरू, प्रतिदिन 10 हजार टीके लगाने का रखा लक्ष्य,
दुर्ग, 31 दिसंबर। दुर्ग जिले में एक सप्ताह के भीतर कोरोना से तीन मौतें हो चुकी हैं और कल 1 हजार 384 लोगों के टेस्ट में 11 की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है विदेशों से अब तक जिले में ट्रेस नहीं हुए 80 विदेशी यात्रियों की खोजबीन भी शुरू कर दी गई है। साथ ही प्रतिदिन 10 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य भी रखा गया है।
विदित हो कि कोरोना की दूसरी लहर से अभी जिला पूरी तरह से उबर भी नहीं पाया कि यहां फिर से कोरोना संकट गहराने लगा है। प्रभारी कलेक्टर श्रीमती नूपुर पन्ना राशि ने स्वास्थ्य विभाग को अधिक से अधिक टेस्ट और वैक्सीनेशन के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रतिदिन औसतन 10000 लोगों को टिका लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। बाहर से लगभग 900 इंटरनेशनल टूरिस्ट जिले में पहुंचे हैं। जिनमें से 80 विदेशी यात्रियों का पता नहीं चल सका है। पुनः उन्हें पेश करने के लिए नगर निगम को भी निर्देश दिए गए हैं। सभी लापता विदेशी यात्रियों के पासपोर्ट के माध्यम से भी खोजबीन की जाएगी। प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि जिले में कुल 67 संक्रमित मरीज हैं जिन इलाकों में अधिक संख्या में मरीज मिलेंगे वहां कांटेक्ट ट्रेसिंग के साथ उस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन भी घोषित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिदिन औसतन टेस्टिंग की संख्या बढ़ाकर 1700 कर दिया गया है रेलवे स्टेशन में भी अब बाहर से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच की जाएगी। साथ ही राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशों का सख्ती से 7 जिले में पालन कराया जाएगा। जिन क्षेत्रों में अधिक संख्या में संक्रमित मरीज मिलेंगे उन्हें कंटेनमेंट जोन भी बनाया जाएगा।
गौरतलब हो कि जिले में सोमवार को 1 हजार 638 सैंपल में 5 पॉजिटिव मिले, मंगलवार को 2 हजार 112 टेस्ट में 7 पॉजिटिव और एक मौत हुई, बुधवार को 1 हजार 537 में तीन संक्रमित और कल 1 हजार 384 टेस्ट में 11 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। कल अचानक पॉजिटव का आंकड़ा दहाई अंक को क्रास करने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सीएमएचओ डाॅ. गंभीर सिंह ठाकुर ने लोगों से अपील की है वह कोविड गाइड लाइन्स का सख्ती से पालन करें और जरूरी होने पर मास्क लगा कर ही घर से बाहर निकलें।
30 दिसंबर को मिले 11 में से लगभग 9 केस भिलाई के रिसाली, वैशाली नगर, उतई, दीपक नगर, बोरसी, हुडको और नेहरू नगर जैसे इलाकों से आए हैं। इस बीच जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार बाहर दूसरे राज्य खासकर विदेश से आने वालों पर सख्ती से नजर रखे हुए है। रेलवे स्टेशन में थर्मल स्कैनिक को जरूरी किया गया है वहीं विदेश से आने वाले हर एक व्यक्ति की पूरी जानकारी लेकर उसका कोविड टेस्ट किया जा रहा है। विदेश से आने वाले लोगों का सैंपल ओमीक्रॉन टेस्ट के लिए भी बाहर भेजा जा रहा है।
सीएमएचओ दुर्ग डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर के मुताबिक जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ बढ़ रहा है। 22, 23 और 28 दिसंबर को एक-एक मौत के साथ ही कम सैंपल में 5-7 पॉजिटिव केस औसतन आए हैं। 27 दिसंबर से विभाग ने टेस्ट की संख्या को बढ़ाया है। टेस्ट की संख्या बढ़ाने से साफ पता चल रहा है कि यदि एक दिन में चार से पांच हजार टेस्ट किए जाएं तो आंकड़े भयावह होंगे, इसलिए लोगों से अपील की जा रही है कि वो सावधानी अवश्य बरतें।

