सीजी न्यूज ऑनलाइन 07 दिसंबर। छत्तीसगढ़ आरक्षक भर्ती पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक हटा दी है। दुर्ग संभाग पुलिस आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया के तहत दुर्ग, बालोद, बेमेतरा जिलों के लिए रविवार से फिर शुरू होगी। आईजी दुर्ग के निर्देश पर सभी अभ्यर्थियों को फिजिकल और दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है। निर्धारित शेड्यूल के तहत सभी विद्यार्थी 8 दिसंबर को फिजिकल एवं दस्तावेज सत्यापन के लिए प्रथम बटालियन पहुंचेंगे।
पुलिस अधीक्षक दुर्ग जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि, दुर्ग जिले में जिला पुलिस बल आरक्षक भर्ती प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू हुई थी। इधर, दुर्ग रेंज के लिए तीन जिलों दुर्ग, बालोद, बेमेतरा के लिए भर्ती शुरू हुई थी। इसी बीच 26 नवंबर को हाईकोर्ट बिलासपुर ने भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी थी। दुर्ग संभाग में कुल 76 000 अभ्यर्थियों को शामिल होना है।
हाईकोर्ट ने मामले में सुनवाई करते हुए फिर से प्रक्रिया को संशोधित प्रावधान के साथ शुरू करने का आदेश दे दिया है। न्यायालय के आदेश के बाद 8 दिसंबर से फिर से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके तहत जिन अभ्यर्थियों को शारीरिक माप और दस्तावेज जांच के लिए 8 दिसंबर के लिए प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं, वे अपने तय समय और डेट के अनुसार अपना फिजिकल टेस्ट दे पाएंगे।
इन अभ्यर्थियों को मोबाइल पर भेजा जाएगा मैसेज
दुर्ग एसपी ने बताया कि, ऐसे अभ्यर्थी जिनको 27 नंबर से 6 दिसंबर के बीच तिथियों का प्रवेश पत्र जारी किया गया था। वो भर्ती में रोक लगने की वजह से फिजिकल टेस्ट नहीं दे पाए थे। ऐसे अभ्यर्थियों को उनके मोबाइल पर मैसेज दिया जाएगा। वो लोग नई तिथि और समय पर आकर फिजिकल टेस्ट दे पाएंगे। एसपी ने संभावना व्यक्त की है कि संभवत 30 दिसंबर के बाद ही टेस्ट देने से वंचित अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।

