लंबे समय से बिछड़े 134 बच्चों को तलाश कर दुर्ग पुलिस ने कराई घर वापसी , पुलिस के इस अभिनव प्रयास से अभिभावकों के खिले चेहरे, तेलगांना, पंजाब, उड़िसा, गुजरात, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश राज्यों से भी लाए गए, जिले में पुलिस अभियान मुस्कान को मिल रही सराहना
दुर्ग 20 जुलाई । दुर्ग पुलिस के द्वारा विशेष अभियान चलाकर छः माह में 134 गुमशुदा बालक/बालिकाओं को तलाश कर उनके अभिभावकों के सुपुर्द किया गया। पुलिस का प्रयास न सिर्फ अपने राज्य तक सीमित था बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से इन गुमशुदा बच्चों को ढूंढ कर उनके परिवार के हवाले किया गया। परिवार के बिछड़े सदस्यों की पुनः वापसी से दुखी परिवार के चेहरे खिल उठे और उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।अपने बच्चों को पाकर परिजनों के चेहरे में मुस्कान लौट आई। दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे मुस्कान अभियान को जिलेभर से सराहना मिल रही है।
दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि जिले में गुमशुदा बच्चों के पतासाजी हेतु विशेष रूप से ‘‘अभियान मुस्कान’’ चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पूर्व के वर्षों के लंबित गुमशुदा बालक/बालिकाओं के प्रकरणों की पुनः समीक्षा की गई । पतासाजी हेतु थाना/चौकी प्रभारियों को उचित दिशा-निर्देश दिये गये। पृथक से गठित टीम द्वारा गुमशुदा के परिजनों एवं ग्रामीणों से संपर्क कर पूछताछ की गई एवं गुमशुदा के मोबाईल लोकेशन एवं सोशल मीडिया का भी सहारा लिया गया तथा अलग-अलग राज्यों को भी पुलिस टीम भेजा गया ।
अभियान के परिणाम स्वरूप पूर्व वर्षाें के गुमुशुदा 26 बालक/बालिका एवं वर्ष 2022 के 108 बालक/बालिका कुल 134 बालक/बालिकाओं को ढूंढने में पुलिस को सफलता प्राप्त हुई है, जिन्हें सकुशल उनके परिजनों को सौंपा गया, जिसमें से 16 बच्चों को अन्य राज्य तेलगांना, पंजाब, उड़िसा, गुजरात, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा चलाये जा रहे इस विशेष अभियान ने कई परिवारों के चेहरे में मुस्कान ला दी है। अभियान की सफलता को देखते हुए अभियान को सतत् रूप से जारी रखने तथा शेष लंबित गुमशुदा बच्चों की पतासाजी हेतु अधिक प्रयास करने हेतु थाना प्रभारियों को निर्देशित गया है।

