CBI छापे के बाद भूपेश का BJP पर हमला, पंडित प्रदीप मिश्रा से क्यों नहीं हो रही पूछताछ

CBI छापे के बाद भूपेश का BJP पर हमला, पंडित प्रदीप मिश्रा से क्यों नहीं हो रही पूछताछ


सीजी न्यूज ऑनलाइन 27 मार्चमहादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी प्रकरण में सीबीआई की छापेमारी पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने गुरुवार को तीखे तेवर दिखाए।

उन्होंने कहा कि जिन्होंने सट्टेबाजी पर कार्रवाई की है, उनके यहां ही छापे डाले गए हैं। श्री बघेल ने आरोप लगाया कि मोदी और शाह के संरक्षण में महादेव सट्टा अभी भी चल रहा है। पूर्व सीएम ने कहा कि कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा दुबई में रवि उप्पल के जजमान थे। उनके यहां कथा पढकर आए थे। उनसे पूछताछ क्यों नहीं हो रही है?

श्री बघेल ने राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और के साथ मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने महादेव ऑनलाइन सट्टा प्रकरण का जिक्र किया और केन्द्रीय एजेंसियों पर राजनीति करने का आरोप लगाया। पूर्व सीएम ने कहा कि शुभम सोनी का एक वीडियो जारी हुआ था जिसे भाजपा ने जारी कराया था। शुभम सोनी ने ये कहा था कि सौरभ चंद्राकर व रवि उप्पल, महादेव ऐप के मालिक नहीं है बल्कि कर्मचारी है। ऐसा कौन कर्मचारी होगा जिसने अपनी शादी में दो सौ करोड़ रुपये खर्च कर दिए।
उन्होंने कहा कि भिलाई से असीम दास को पकड़ा गया, जिस गाड़ी में वह पकड़ाया वह पूर्व मंत्री भाजपा नेता के भाई की गाड़ी थी। पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा के एक नेता ने सीबीआई को चिट्ठी लिखी, और फिर छापेमारी की गई। चिट्ठी की लिखावट सीबीआई की लगती है। पूर्व सीएम ने कहा कि उन पुलिस अफसरों के यहां कार्रवाई की गई जिन्होंने दुर्ग, रायपुर में रहते महादेव ऑन लाइन सट्टेबाजी पर कार्रवाई की थी।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार को पत्र लिखकर रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर को यहां लाने की मांग की गई थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। भाजपा का उद्देश्य इसको लेकर राजनीति करना है। पूर्व सीएम ने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा दुबई में हुई थी। रवि उप्पल के जजमान थे। जांच एजेंसी चाहती तो दोनों को लाने के लिए प्रदीप मिश्रा का सहयोग ले सकती है। मगर उनसे पूछताछ नहीं की गई।

श्री बघेल ने बताया कि आईजी ने कहा था एक हफ्ते के भीतर सौरभ चंद्राकर यहां जेल में होगा। इस पर प्रदेश कांग्रेस के आरटीआई प्रकोष्ठ के पदाधिकारी ने आवेदन लगाया था तो दुबई काउंसलेट से जवाब आया कि ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। यानि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को लेकर यहां भ्रम फैलाया जा रहा है जबकि वहां ऐसा कुछ नहीं है।

पूर्व सीएम ने प्रोटेक्शन मनी लेने आरोपों पर कहा कि हमने कार्रवाई की थी, तो रप्रोटेक्शन मनी किस बात की? पिछले एक साल से महादेव ऐप सट्टा चल रहा है और कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसका मतलब है आप प्रोटेक्शन मनी ले रहे हैं। श्री बघेल ने कहा कि मेरे यहां कार्रवाई से एक संदेश पूरे देश को गया है कि जो भी महादेव सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने सीधे-सीधे आरोप लगाया कि मोदी और शाह के संरक्षण में महादेव सट्टा अभी भी चल रहा है।

193 विपक्ष के नेताओं पर छापे

श्री बघेल ने कहा कि राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में बताया गया कि केन्द्रीय एजेंसियों ने 193 विपक्ष के नेताओं के यहां कार्रवाई की है। लेकिन सिर्फ 1 प्रतिशत यानि दो लोग ही आरोपी बने हैं। पूर्व सीएम ने केन्द्रीय एजेंसियों के दुरूपयोग कर राजनीति करने का आरोप लगाया है।

महिला अफसर के बिना बेटे-बहू के कमरे की तलाशी

पूर्व सीएम ने कहा कि बेटे और बहू के कमरे में सीबीआई ने बिना महिला पुलिस अफसर के तलाशी ली है, और जांच की है। रात को सवा 9 बजे तक जांच चली है। यह कानून का उल्लंघन है। उन्होंने कहा इस मामले में वो कोर्ट जाएंगे। श्री बघेल ने कहा कि उनके यहां ईडी ने छापेमारी की थी और जमीनों के दस्तावेज फोटो काफी कराकर ले गए थे। लेकिन सीबीआई तो ओरिजनल ही दस्तावेज ले गई।