दुर्ग, 09 अप्रैल 2026 । जिले के धमधा विकासखंड अंतर्गत ग्राम मुड़पार में अफ्रीकी स्वाइन फीवर (अफ्रीकी सूअर बुखार) के मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पूरे क्षेत्र को इन्फेक्टेड और सर्विलांस जोन घोषित कर दिया है। यह आदेश कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा जारी किया गया है, जो आगामी 6 माह या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मुड़पार स्थित पी.ओ. जॉय सूकर फार्म में बीमारी की पुष्टि होने के बाद 1 किलोमीटर की परिधि को इन्फेक्टेड जोन और 1 से 10 किलोमीटर तक के क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित किया गया है।
सर्विलांस जोन में नारधा, मोहंदी, ओखरा, चेटूवा, खेरधी, ढौर, रिंगनी, मुरमुदा, कंडरका, सेमरिया, नंदौरी, हिंगनाडीह, गोढ़ी, ढाबा, अछोटी, दादर, बोरसी, लिमतरा, मुर्रा, खेदामारा, जामुल और सूरडूंग (वार्ड क्रमांक 1 से 5) सहित आसपास के कई गांव शामिल किए गए हैं।
जारी आदेश के तहत इन्फेक्टेड जोन से सूअर और उससे जुड़े उत्पादों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं सर्विलांस जोन में सूकर बाजार और दुकानों को पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। डोर-टू-डोर डिलीवरी पर भी रोक लगा दी गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं। आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता, पशुओं में संक्रामक रोग नियंत्रण अधिनियम 2009 सहित अन्य प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आपात स्थिति में जिला कंट्रोल रूम दुर्ग में उपसंचालक डॉ. वसीम शम्स (मो. 9406033990) एवं डॉ. एम.सी. देशमुख (मो. 9407781663) से संपर्क किया जा सकता है।

