गुजरात के बंदरगाह पर अफगानिस्तान की 3 टन हेरोइन जब्त, 19 हजार 900 करोड़ है कीमत
अहमदाबाद. अफगानिस्तान से तस्करी के लिए भारत आई करीब 3 टन हेरोइन को अफसरों ने गुजरात के एक बंदरगाह से जब्त किया है. अंतरराष्ट्रीय बातार में इसकी कीमत 19000 करोड़ रुपये से भी अधिक बताई जा रही है. अफसरों ने इसके साथ ही दो लोगों को भी पकड़ा है. हेरोइन को दो कंटेनरों में रखा गया था, जिसमें पाउडर रखे होने की बात लिखी गई थी.
हेरोइन जब्त करने की यह कार्रवाई डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस ने गुजरात के मुद्रा बंदरगाह पर की है. एजेंसी का कहना है कि दो कंटेनरों में हेरोइन को ईरान से लादा गया था. एक कंटेनर में 2000 किलो और दूसरे कंटेनर में 1000 किलो हेरोइन थी. ये अफगानिस्तान की हेरोइन है जिसे गुजरात बंदरगाह पर भेजा गया.
एजेंसी ने बताया कि इस बाबत अहमदाबाद, दिल्ली, चेन्नई, गांधीधाम और मांडवी में छापेमारी भी की गई है. वहीं इस पूरे शिपमेंट की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 19900 करोड़ रुपये आंकी गई है. इसके पीछे अफगानिस्तान के लोगों का हाथ है. हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तार नहीं किया गया है.
अफगानिस्तान दुनिया का सबसे बड़ा हेरोइन उत्पादक देश है. अब तालिबान के लौटने के बाद इसमें और बढ़ोतरी होने की संभावना है. वहीं एक अन्य मामले में गुजरात के तट के पास से एक ईरानी नौका से जब्त की गई हेरोइन गुजरात या महाराष्ट्र से समुद्री मार्ग के जरिये पंजाब पहुंचाई जानी थी.
आतंक रोधी दल (एटीएस) ने रविवार को बताया था कि राज्य एटीएस और तटरक्षक द्वारा एक संयुक्त अभियान में, 150 करोड़ रुपये मूल्य की 30 किलोग्राम हेरोइन से लदी ईरानी नौका और नौवहन दल के सात सदस्यों को गुजरात के तट के पास से पकड़ा गया था. (news18.com)

