हेमचन्द यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में स्नातकोत्तर शिक्षण विभागों में प्रवेश प्रारंभ

हेमचन्द यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में स्नातकोत्तर शिक्षण विभागों में प्रवेश प्रारंभ


दुर्ग, 01 अगस्त 2026। हेमचन्द यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के शिक्षण विभागों में शीघ्र ही स्नातकोत्तर कक्षाओं का संचालन प्रारंभ होने जा रहा है। इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक एवं शैक्षणिक प्रक्रियाएँ पूर्ण कर ली गई हैं।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन के आदेशानुसार विश्वविद्यालय में भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, प्राणीशास्त्र एवं वनस्पति विज्ञान विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाएँ प्रारंभ किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा प्रवेश परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

प्रवेश परीक्षा हेतु लगभग 1,400 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जिनमें से 700 से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। प्रवेश परीक्षा का परिणाम एवं मेरिट सूची विश्वविद्यालय द्वारा 29 जुलाई 2026 को जारी कर दी गई है।

प्रवेश प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। मेरिट सूची में स्थान प्राप्त अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि में आवश्यक मूल दस्तावेजों एवं उनकी स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ हेमचन्द यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में उपस्थित होकर प्रवेश की औपचारिकताएँ पूर्ण कर सकते हैं। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं मेरिट सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से समय-सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया है, ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र का नियमित संचालन समय पर प्रारंभ किया जा सके।