42 ट्रेनों में अतिरिक्त स्लीपर और एसी कोच, 200 एक्सप्रेस और 127 पैसेंजर आज से फिर पटरी पर

42 ट्रेनों में अतिरिक्त स्लीपर और एसी कोच, 200 एक्सप्रेस और 127 पैसेंजर आज से फिर पटरी पर



🟢 कोविड-19 की वजह से बंद ट्रेन आज से फिर दौडे़ंगी
🟢 बिलासपुर जोन से न चलने वाली अब सिर्फ 16 पैसेंजर
बिलासपुर, 11 अक्टूबर। रेलवे ने कोरोना काल में बंद बिलासपुर जोन से चलने वाली सभी 200 एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ ही 127 पैसेंजर ट्रेनों को बहाल कर दिया है। त्यौहार में यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए 42 ट्रेनों में एसी और शयनयान एक्स्ट्रा कोच की सुविधा भी मुहैया कराई जा रही है ताकि यात्रियों को सफर करने में किसी तरह दिक्कतें न हों।
गौरतलब हो कि कोविड-19 संक्रमण के दौरान देशव्यापी लॉकडाउन की स्थिति में रेलवे ने यात्री गाड़ियों का परिचालन पूरी तरह से बंद कर दिया था। उस समय देश के अलग-अलग स्थानों पर फंसे प्रवासियों के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। फिर जैसे-जैसे संक्रमण कम होता गया, यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। कोरोना संक्रमण का प्रभाव कम होने के बाद धीरे-धीरे ट्रेनों का संचालन पूर्ववत किया जा रहा है। पूर्व में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन से कोरोनाकाल के पहले 343 ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा था, जिसे कोरोनाकाल में पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। अब इनमें से अधिकांश ट्रेनों को बहाल कर दिया गया है। 200 मेल/एक्सप्रेस और 127 पैसेंजर/लोकल ट्रेनों का परिचालन शुरू हो गया है लेकिन 16 पैंसेजर और लोकल ट्रेनें हैं, जिसे शुरू नहीं किया गया है क्योंकि इन पैसेंजर ट्रेनों को चलाने में दिक्कतें आ रही हैं। रेलवे के अफसरों ने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से त्यौहारों के समय में यात्रियों को अधिक से अधिक कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए वर्तमान में 42 ट्रेनों में अतिरिक्त शयनयान और वातानुकूलित कोच लगाने का फैसला लिया गया है। साथ ही दुर्ग-निज़ामुद्दीन हमसफर एक्सप्रेस में दो एसी थ्री और दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस में एक एसी थ्री अतिरिक्त कोच की स्थाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है। गाड़ी संख्या 05755/05756 चिरमिरी-अनूपपुर पैसेंजर स्पेशल के सभी 5 स्लीपर कोच को सामान्य कोच घोषित करते हुए यात्रियों को अनारक्षित टिकट के साथ यात्रा करने की सुविधा दी गई है।