🔴बिना हेलमेट 24 का कटा चालान
दुर्ग, 13 अप्रैल 2026। सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने इस बार अपने ही विभाग के कर्मचारियों पर कार्रवाई की है। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 24 पुलिसकर्मियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यह सामने आया कि कुछ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी या निजी कार्य के दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग नहीं कर रहे थे। इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सभी 24 कर्मियों पर चालान काटा गया और भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के पालन में किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी। कानून सभी के लिए समान है, चाहे वह आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी।
इसके साथ ही, इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के जरिए जिलेभर में निगरानी बढ़ा दी गई है। कैमरों के माध्यम से लगातार नजर रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ ई-चालान जारी किए जा रहे हैं।
यातायात पुलिस ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं नियमों का पालन कर आम जनता के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और पुलिस विभाग के सभी कर्मचारियों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें।
“सुरक्षा ही प्राथमिकता है — हेलमेट जरूर पहनें।”

