भिलाईनगर, 25 अगस्त 2026। यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ दुर्ग यातायात पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर विशेष वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर चल रही एक कार को पकड़ा गया। कार के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी थी और उसमें अनधिकृत मॉडिफिकेशन भी पाया गया। वाहन चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे।
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर यातायात पुलिस की विशेष चेकिंग चल रही थी। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर जांच की गई। जांच में वाहन बिना नंबर संचालित होना, ब्लैक फिल्म लगी होना तथा अनधिकृत मॉडिफिकेशन पाया गया। मॉडिफिकेशन के संबंध में चालक आरटीओ की अनुमति भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
यातायात पुलिस ने वाहन को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया। विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर माननीय न्यायालय ने चालक को ₹16,000 के अर्थदंड से दंडित किया। कार्रवाई के दौरान वाहन से ब्लैक फिल्म हटाई गई और चालक को भविष्य में बिना नंबर वाहन चलाने, अनधिकृत मॉडिफिकेशन कराने तथा नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन न कराएं, नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल न करें और बिना नंबर वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें और सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

