वेदांता प्लांट में 20 मौतों के बाद कार्रवाई, चेयरमैन अनिल अग्रवाल के ख़िलाफ़ FIR दर्ज

वेदांता प्लांट में 20 मौतों के बाद कार्रवाई, चेयरमैन अनिल अग्रवाल के ख़िलाफ़ FIR दर्ज


सीजी न्यूज ऑनलाइन 17 अप्रैल 2026 । छत्तीसगढ़ के सक्ती में वेदांता के पावर प्लांट में हुए विस्फोट में 20 मज़दूरों की मौत के मामले में वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल समेत 19 लोगों के ख़िलाफ़ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज दर्ज किया गया है.

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया प्लांट प्रबंधन की लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है.

मंगलवार को सक्ती ज़िले में वेदांता के पावर प्लांट का बॉयलर फटने से अब तक 20 मज़दूरों की मौत हो चुकी है. इस हादसे में 16 लोग गंभीर रुप से घायल हैं.

अब इस मामले में शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. जिन लोगों के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें जाने-माने उद्योगपति और वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल भी शामिल हैं.

जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा, “आरंभिक जांच में आपराधिक लापरवाही के संकेत मिले हैं. इसी आधार पर ज़िले के डभरा थाना में बीएसएस की धारा 106, 289 और 3 (5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है.”

अनिल अग्रवाल के अलावा सक्ती के पावर प्लांट प्रमुख देवेंद्र पटेल को भी आरोपी बनाया गया है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में इसे महज एक तकनीकी दुर्घटना नहीं, बल्कि गंभीर प्रबंधन लापरवाही का परिणाम बताया गया है.

इससे पहले गुरुवार को उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने अस्पतालों में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात की. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी आज पावर प्लांट का दौरा किया और प्रबंधन से हादसे के बारे में जानकारी ली।