🔴रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, छीना गया मोबाइल और बाइक बरामद
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 18 मई 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल छीनने की वारदात का पुलिस ने महज 8 घंटे में खुलासा कर दिया। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार सोमवार 18 मई 2026 की सुबह धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। सुबह करीब 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक बाइक सवार युवक ने उनका मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू की गई। क्राइम ब्रांच समेत विभिन्न थाना पुलिस की टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के संभावित मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई।

लगातार सर्चिंग के बाद पुलिस ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर आरोपी मणिकांत ध्रुव (19 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। आरोपी मूलतः बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी रैपिडो चलाने का काम भी करता था।
“हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई हमारी प्राथमिकता” – डॉ. संजीव शुक्ला
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि रायपुर पुलिस हर अपराध को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता आम नागरिक हो या हाई प्रोफाइल व्यक्ति, हर मामले में समान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और छीने गए सामान की बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

