दुर्ग में महिला कावड़िया पर एसिड अटैक का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

दुर्ग में महिला कावड़िया पर एसिड अटैक का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल


🔴महिला गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में इलाज जारी

दुर्ग, 18 अगस्त 2026। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम अरसनारा के पास एक महिला पर बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का छिड़काव कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल से भरा डिब्बा भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 को कारंजा भिलाई निवासी पीड़िता अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा के लिए ग्राम कोडिया पहुंची थी। इसी दौरान कारंजा भिलाई निवासी महेश दास (30 वर्ष) ग्राम अरसनारा के पास पहुंचा। बताया गया कि पीड़िता द्वारा बातचीत बंद किए जाने से आरोपी नाराज था। उसने मोटरसाइकिल से पहुंचकर अपने साथ लाए टिन के डिब्बे में रखे बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल को महिला के ऊपर छिड़क दिया और मौके से फरार हो गया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 271/2026, धारा 124(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी ली।

आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने रातभर घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संभावित ठिकानों पर पूछताछ और पतासाजी के बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम कारंजा भिलाई में छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महेश दास को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल पुलिस को उपलब्ध कराई, जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस ने केमिकल युक्त डिब्बा भी बरामद किया है। आरोपी को 18 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़िता से बातचीत बंद होने से नाराज था और इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्यक्तिगत विवाद या आपसी मतभेद की स्थिति में कानून हाथ में न लें। किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें और हिंसक कार्रवाई से बचें। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा की किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।