देशी कट्टा लेकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, 12 बोर का कट्टा व राउंड बरामद

देशी कट्टा लेकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, 12 बोर का कट्टा व राउंड बरामद


भिलाईनगर, 25 अगस्त 2026। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के उड़िया बस्ती, लक्ष्मी नारायण नगर में देशी कट्टा लेकर लोगों को डराने-धमकाने और क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर का एक देशी कट्टा और एक जिंदा राउंड बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लक्ष्मी नारायण नगर, उड़िया बस्ती क्षेत्र में कुछ लोग अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं और लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए।

पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तम उर्फ पुरुषोत्तम उर्फ बुड़ा (38), निवासी लक्ष्मी नारायण नगर, उड़िया बस्ती, खुर्सीपार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर का एक देशी कट्टा और एक राउंड बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खुर्सीपार थाने में अपराध क्रमांक 360/2026, धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पहले भी दर्ज हो चुका है आपराधिक मामला

पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वर्ष 2021 में भिलाई-3 थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ धारा 302 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज होने और जेल में निरुद्ध रहने की जानकारी पुलिस को मिली है। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध देशी कट्टा अपने पास रखकर क्षेत्र में घूम रहा था और हथियार के जरिए लोगों में भय पैदा कर अपना दबदबा कायम करने का प्रयास कर रहा था।

इस कार्रवाई में खुर्सीपार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने, उसका प्रदर्शन करने या हथियार के बल पर लोगों को डराने-धमकाने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।