🔴खराब सड़क और लाइट की कमी, रोड इंजीनियरिंग की खामियां बनी वजह
भिलाईनगर, 21 फरवरी 2026। जेपी सीमेंट प्लांट जाने वाले केनाल गेट के पास सात नंबर रोड पर बीती रात एक खाली मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन प्लांट में लोड लेने जा रहा था। हादसे में चालक को चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जेपी सीमेंट के सामने से प्लांट की ओर जाने वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। रात के समय सड़क पर न तो पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था है और न ही किसी प्रकार की बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत लगे हैं। अंधेरे और खराब सड़क के कारण वाहन चालक को रास्ते का सही अंदाजा नहीं लग सका, जिससे गाड़ी एक ओर झुककर पलट गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में तो सड़क की स्थिति दिखाई दे जाती है, लेकिन रात में भारी वाहनों को काफी परेशानी होती है। आए दिन यहां छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं और कई बार गाड़ियां पलट चुकी हैं। घायल चालक का प्राथमिक उपचार कराया गया है।

रोड इंजीनियरिंग पर किया जाए काम
क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि सात नंबर रोड पर तत्काल स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए, सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा आवश्यक बैरिकेडिंग और संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

