सुकमा में ACB-EOW की कार्रवाई, तेंदूपत्ता घोटाले में छापेमारी जारी

सुकमा में ACB-EOW की कार्रवाई, तेंदूपत्ता घोटाले में छापेमारी जारी


सीजी न्यूज ऑनलाइन 11 अप्रैल । सुकमा जिले में तेंदूपत्ता बोनस घोटाले को लेकर ACB और EOW की टीम ने आज फिर दबिश दी। सुकमा, दोरनापाल और कोंटा सहित 4 जगहों के 8 ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

यह कार्रवाई पूर्व MLA मनीष कुंजाम समेत तेंदूपत्ता प्रबंधकों के 12 ठिकानों पर हुई कल की रेड के बाद हो रही है। घोटाले में शामिल अधिकारियों पर शिकंजा कसता जा रहा है। इसी मामले में DFO अशोक पटेल को निलंबित किया जा चुका है।

तेन्दूपत्ता बोनस गबन मामले में ईओडब्ल्यू की कार्यवाही

एसीबी सूत्रों के मुताबिक अशोक कुमार पटेल, डी०एफ०ओ०, वनमंडल सुकमा के द्वारा लोकसेवक के पद पर पदस्थ होते हुए अपने पद का दुरूपयोग करते हुए वन विभाग के अधिकारियों एवं वनमंडल से संबंधित विभिन्न प्राथमिक लघुवनोपज समिति के प्रबंधकगण एवं पोषक अधिकारीगण के साथ मिलकर अपने-अपने पदों का दुरूपयोग करते हुए आपराधिक षड़यंत्र कर वर्ष 2021 एवं वर्ष 2022 सीजन के तेंदुपत्ता प्रोत्साहन पारिश्रमिक हेतु संग्राहको को प्रदान किए जाने वाली राशि (करीब 7 करोड़) का एक बड़ा हिस्सा जो करोड़ो रुपयो में है, आपस में मिलकर संग्राहकों को वितरित न करने हुए किसी अभिव्यक्त या विधिवत् वैध संविदा का अतिक्रमण करके बेईमानी से उस सम्पत्ति का उपयोग या व्यपन करते हुए आपराधिक न्यास भंग करने एवं उसमें से कुछ राशि निजी व्यक्तियों को दिये जाने के संबंध में ब्यूरो में अपराध कमांक-26/2025, धारा-409, 120बी भादवि, दिनांक 08.04.2025 दर्ज किया गया है।

विवेचना के तारतम्य में आज दिनांक 10.04.2025 को संदेहियों के निवास स्थान एवं संबंधित जगहों पर ईओडब्ल्यू/एसीबी की टीमों ने जिला सुकमा में 12 स्थानों पर रेड की कार्यवाही की। कार्यवाही में श्री मनीष कुंजाम, कार्यालय डीएफओ सुकमा के कर्मचारी राजशेखर पुराणिक एवं प्राथमिक लघुवनोपज समिति के प्रबंधकगण शामिल हैं।

कार्यवाही में संदेहियों के निवास स्थानों एवं अन्य जगहों से प्रकरण के संबंध में महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाईल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कई बैंक एकाउंट एवं निवेश से संबंधित दस्तावेज प्राप्त हुए हैं। डीएफओ कार्यालय सुकमा के कर्मचारी राजशेखर पुराणिक के निवास से 26,63,700 रू. नगद सर्च के दौरान जप्त किया गया है। प्राप्त दस्तावेजों का विश्लेषण एवं अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।

विदित हो कि कुछ दिनों पहले इस प्रकरण के मुख्य अभियुक्त अशोक कुमार पटेल, तत्का० वनमंडलाधिकारी, सुकमा के विरूद्ध अनुपातहीन सम्पत्ति का मामला दर्ज कर उनसे सबंधित स्थानों पर सर्च कार्यवाही की गई थी जिसमें अग्रिम कार्यवाही जारी है।