🔴सुपेला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोचा
भिलाईनगर, 31 जुलाई 2026। सुपेला थाना पुलिस ने एसी मरम्मत के बहाने घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। करीब 1.50 लाख रुपये के चोरी गए गहने बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना सुपेला क्षेत्र निवासी मनोज अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई कि 25 जुलाई को उनकी पत्नी मंजु अग्रवाल ने बेडरूम में रखे सोने-चांदी के आभूषणों का पैकेट गायब पाया। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन गहने नहीं मिले।
जांच के दौरान पता चला कि 21 जुलाई को एसी मैकेनिक आशुतोष साव दो दिनों तक उनके घर में मरम्मत का कार्य करने आया था। घटना के बाद उससे संपर्क करने पर वह लगातार बहाने बनाकर मिलने से बचता रहा, जिससे उस पर संदेह गहरा गया।
शिकायत के आधार पर सुपेला थाना में अपराध क्रमांक 1089/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी आशुतोष साव (29 वर्ष), निवासी आईएसएचडीपी आवास, जवाहर नगर, वैशाली नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया और अपने कब्जे से चोरी किए गए सभी आभूषण पुलिस को सौंप दिए।
बरामद सामान
- 2 सोने की अंगूठियां (पुखराज एवं मूंगा जड़ित)
- 3 चांदी की अंगूठियां (मोती, जामुनिया एवं गोमेद जड़ित)
- 1 जोड़ी सोने की छोटी बाली (हीरे के नग जड़ित)
बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर में मरम्मत या अन्य कार्य के लिए आने वाले बाहरी व्यक्तियों का पहचान संबंधी विवरण सुरक्षित रखें तथा मूल्यवान आभूषण और नकदी को सुरक्षित स्थान पर रखें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

