दुर्ग 1 जून । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में सत्र 2023-24 में स्नातक स्तर की विभिन्न संकायों की प्रथम वर्ष की कक्षाओं बीए, बीकाॅम, बीएससी, बीसीए, बीलिब, बीबीए, डीसीए आदि में प्रवेश हेतु विश्वविद्यालय का ऑनलाइन पोर्टल आज से आरंभ हो गया। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रषांत श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से बताया कि पोर्टल प्रारंभ होने के पहले दो घंटे में ही पांच सौ विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम दिन कुल 962 आवेदकों ने ऑनलाइन आवेदन किया। इस बीच 2023 वार्षिक परीक्षा में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण आईसीएससी तथा सीबीएसई एवं छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के विद्यार्थियों को उनकी अंकसूची, स्थानांतरण प्रमाणपत्र तथा माइग्रेशन सर्टिफिकेट प्राप्त होने लगे है।
कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप के अनुसार आज उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सत्र 2023-24 हेतु अकादमिक कैलेण्डर जारी कर दिया गया। इसके अनुसार स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु महाविद्यालयों में 16 जून से 31 जुलाई तक की तिथि निर्धारित की गई है। जबकि अन्य कक्षाओं हेतु 16 जून से 15 जुलाई तक अथवा परीक्षा परिणाम घोषित होने की तिथि के 10 दिन के अंदर प्रवेश लेना अनिवार्य होगा। कुलपति के अनुमति से प्रवेश की अंतिम तिथि 14 अगस्त होगी। समस्त महाविद्यालयों में 01 जुलाई से नियमित कक्षाएं आरंभ हो जायेंगी। खेल-कूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां 18 जुलाई से आरंभ होकर 23 दिसंबर तक समाप्त होंगी। विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह हेतु जनवरी-फरवरी 2024 का समय निर्धारित किया गया है। अकादमिक कैलेण्डर में उल्लेखित दशहरा अवकाश 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक 03 दिनों का होगा। दीपावली अवकाश 10 नवंबर से 14 नवंबर 05 दिनों का होगा जबकि शीतकालीन अवकाश 25 दिसंबर से 27 दिसंबर तक 03 दिनों का तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश 16 मई से 15 जून 2024 तक दिये जाने का उल्लेख हैं।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग का प्रवेश पोर्टल आज आरंभ हो गया। इस महाविद्यालय में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी सीधे साइंस काॅलेज, दुर्ग के पोर्टल पर आवेदन कर सकते है। डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सत्र 2023-24 हेतु प्रवेश के नियमावली मार्गदर्शिका भी आज सभी विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों को उपलब्ध करा दी गई है। इसी मार्गदर्शिका के अनुरूप समस्त महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया संपादित होगी।

