🔴युवती पर जानलेवा हमलावर को 24 घंटे में गिरफ्तार किया नेवई पुलिस ने
दुर्ग, 16 फरवरी 2026। थाना नेवई क्षेत्र में युवती पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
🔴 घटना का विवरण
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 15 फरवरी 2026 की शाम लगभग 5 बजे प्रार्थिया बैकुंठधाम मंदिर से पूजा कर अपने घर लौट रही थी। इंदिरा चौक के पास, गली अंदर स्टेशन मरोदा क्षेत्र में आरोपी ने उसका रास्ता रोककर बातचीत करने का प्रयास किया। युवती के नहीं रुकने पर आरोपी ने पूर्व परिचय एवं पुरानी प्रताड़ना के चलते आक्रोशित होकर जान से मारने की नीयत से गर्दन पर धारदार हथियार से प्राणघातक वार कर दिया।
हमले के दौरान बचाव करते समय युवती के दाहिने हाथ की कलाई, दाहिने गाल और दाहिनी पसली के पास भी चोटें आईं।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
🔴 आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर 16 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी योगेन्द्र कुमार यादव उर्फ छोटू उर्फ टायलेट (30 वर्ष)
निवासी – इंदिरा चौक स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार भी जब्त किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय दुर्ग में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
🔴 घटना का कारण
पुलिस के अनुसार पूर्व परिचय के दौरान आरोपी द्वारा लगातार परेशान किए जाने से उत्पन्न आक्रोश एवं प्रतिशोध की भावना इस घटना का कारण बनी।
🔴 पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नेवई सउनि करण सोनकर, सउनि निगम पात्रे, प्रआरक्षक हेमंत चंदेल, आरक्षक शाहबाज खान एवं आरक्षक विजय कुर्रे की सराहनीय भूमिका रही।
🔴 दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

