भिलाई में दिनदहाड़े घर में घुसकर युवती की निर्मम हत्या, रामनगर में सनसनी

भिलाई में दिनदहाड़े घर में घुसकर युवती की निर्मम हत्या, रामनगर में सनसनी


🔴धारदार हथियार से हमला, अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

भिलाई नगर, 10 जुलाई 2026। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े एक युवती की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही वैशाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

किराए के मकान में मिली लहूलुहान

मृतका की पहचान खुशी साहू (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रामनगर स्थित एक किराए के मकान में अपनी रूममेट के साथ रहती थी और फ्रेंड्स कैफे में काम करती थी।

रूममेट लौटी तो सामने आया खौफनाक मंजर

घटना के समय खुशी की रूममेट किसी अन्य कार्य से बाहर गई हुई थी। वापस लौटने पर उसने खुशी को कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद उसने मकान मालकिन को सूचना दी और पुलिस को बुलाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घायल खुशी को तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, सुपेला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सुबह 11:15 से 11:30 बजे के बीच हुई वारदात

नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना सुबह 11:15 से 11:30 बजे के बीच की प्रतीत हो रही है। हत्या धारदार हथियार से की गई है।

हत्या का मामला दर्ज, जांच तेज

वैशाली नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।