भिलाईनगर 3 फरवरी। नंदिनी थाना अंतर्गत शुक्रवार की सुबह युवक घर से निकला और कुछ देर बाद खून से लथपथ अवस्था में घर पहुंचा तो परिजन अचंभित रह गए। तत्काल उसे इलाज के लिए एम्स अस्पताल रायपुर में ले जाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। मृतक के गले में चोट के निशान मिले है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की हुई मौत के मामले का खुलासा हो सकेगा।
नंदिनी पुलिस ने बताया कि ग्राम मलपुरी कला में शुक्रवार की सुबह गांव का ही बसंत जांगड़े ( 30 वर्ष) टहलने निकला था। परंतु कुछ ही देर बाद खून से लथपथ होकर अपने घर पहुंचा, घर के सभी सदस्यों ने देखा कि बसंत के गले में चोट के निशान है और अत्यधिक खून बह रहा है। परिजन घटना से दहशत में आ गए और घटना की जानकारी नंदिनी पुलिस को दी। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए रायपुर एम्स अस्पताल रवाना किया गया। घायल युवक के गले मे गहरे घाव होने के वजह से अस्पताल में मौत हो गई। वहीं घटना स्थल की बारीकी से जांच करने के लिए टीम बुलाई गई और घर के लोगों से पूछताछ की गई। इधर घर वालों ने बताया कि युवक अपने घर से सुबह 6.20 पर मेन रोड पर निकला था और 6.30 पर अपने घर वापस आ गया। नंदिनी थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि फिलहाल घटना पर जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामला स्पष्ट हो पायेगा।
नंदिनी के ग्राम मलपुरी कला में मॉर्निंग वॉक पर निकला युवक, 10 मिनट बाद खून से लथपथ पहुंचा घर, अस्पताल में हुई मौत, गले में गहरे चोट के निशान, पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा

