दुर्ग, 12 अगस्त 2026। पुलगांव चौक में मामूली विवाद के बाद एक युवक को कार से पीछे से टक्कर मारकर काफी दूर तक घसीटने के सनसनीखेज मामले में पुलगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पोटिया चौक निवासी प्रार्थी अपने दोस्त भुवनेश्वर निषाद और हरि निषाद के साथ पुलगांव चौक स्थित पान ठेले के पास खड़ा था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से आ रही कार क्रमांक CG-04-HJ-9238 के चालक ने मनीष गैरेज में काम करने वाले विजय वैष्णव को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद हुआ विवाद, युवक को दी धमकी
टक्कर लगने के बाद विजय वैष्णव और कार चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कार चालक ने कार से उतरकर विजय के साथ हाथ-थप्पड़ से मारपीट की और धमकी दी। इसके बाद विजय पैदल पोटिया की ओर जाने लगा और कार चालक को कुछ कहता रहा।
इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसका पीछा करने के लिए कार दौड़ा दी। उसने पीछे से विजय को कार की जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी कार नहीं रोकी गई और विजय को वाहन के साथ काफी दूर तक घसीटते हुए ले जाया गया।
दोस्तों ने पीछा कर रोकने की कोशिश की
घटना देखकर विजय के दोस्त भुवनेश्वर निषाद और हरि निषाद मोटरसाइकिल से कार का पीछा करने लगे। उन्होंने आरोपी को वाहन रोकने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि उसने कार नहीं रोकी। इसके बाद गंभीर रूप से घायल विजय को किसी तरह कार से अलग कराया गया।
घटना की सूचना डायल-112 और पुलिस को दी गई। पुलिस की मदद से घायल विजय को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
आरोपी कार सहित पकड़ा गया
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलगांव थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 711/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने गवाहों के बयान लेने के साथ आरोपी और घटना में प्रयुक्त वाहन की तलाश शुरू की।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अजय कुमार गारूडीक (56) निवासी बमलेश्वरी कॉलोनी, बोरसी को कार सहित पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी का जिला अस्पताल दुर्ग में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें चिकित्सक द्वारा शराब सेवन किए जाने का उल्लेख किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा युवक को पीछे से कार से टक्कर मारने और उसे काफी दूर तक घसीटने की घटना स्वीकार किए जाने की बात कही गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना में प्रयुक्त कार CG-04-HJ-9238 को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर विवाद होने की स्थिति में कानून हाथ में न लें। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

