स्टेशन मरोदा में युवक पर कटर से जानलेवा हमला, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

स्टेशन मरोदा में युवक पर कटर से जानलेवा हमला, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज


भिलाईनगर, 17 अगस्त 2026। स्टेशन मरोदा के बजरंगपारा स्थित जोड़ा जैतखाम के पास पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर कटर से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक को गाली-गलौज करते हुए जान से खत्म करने की धमकी दी और कटर से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे भाई और एक अन्य युवक को भी आरोपी ने गाली-गलौज की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़ित देवेंद्र नांदेश्वर ने नेवई थाना पुलिस को बताया कि वह स्टेशन मरोदा बजरंगपारा में परिवार के साथ रहता है और बीएसपी प्लांट में मैकेनिकल का काम करता है। 16 अगस्त की रात करीब 8:15 बजे वह अपने भाई वैभव नांदेश्वर और पुष्पेंद्र अग्रवाल के साथ स्टेशन मरोदा स्थित जोड़ा जैतखाम के पास टहल रहा था।

इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कनक चतुर्वेदी ने उन्हें देखकर पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि कनक चतुर्वेदी ने दोनों को जान से खत्म करने की धमकी देते हुए अपने पास रखे कटर से देवेंद्र की गर्दन के बाएं हिस्से पर हमला कर दिया। हमले में देवेंद्र की गर्दन पर गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा।

देवेंद्र के अनुसार उसके भाई वैभव और पुष्पेंद्र अग्रवाल ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि यदि दोनों बीच-बचाव नहीं करते तो आरोपी उसकी हत्या कर सकता था। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने भी बीच-बचाव किया।

पीड़ित की शिकायत पर नेवई पुलिस ने अपराध क्रमांक 0551/26 दर्ज कर आरोपी कनक चतुर्वेदी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मामले में घटना के कारण, आरोपी की भूमिका और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।