🛑गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज
दुर्ग, 13 जनवरी 2026। थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी नगपुरा क्षेत्र में तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मामले में कल शाम को रिपोर्ट के बाद हाईवा चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। मृतक थाना जामुल क्षेत्र का रहने वाला था। जस गीत देखकर घर लौट रहा था।
पुलगांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 जनवरी 2026 को मृतक उत्तम कुमार धीवर (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम नारधा, थाना जामुल अपने दोस्तों के साथ नगपुरा में जस गीत झांकी देखने आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम करीब 5:35 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल हीरो (क्रमांक CG-07-CL-8423) से घर लौटने के लिए सड़क पर मोड़ रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रहे हाईवा ट्रक क्रमांक CG-07-BU-7586 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उत्तम कुमार धीवर के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल उपचार के लिए शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर मर्ग क्रमांक 04/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच की गई। जांच के दौरान गवाहों एवं परिजनों के कथन के आधार पर प्रथम दृष्टया हाईवा चालक की लापरवाही पाए जाने पर उसके खिलाफ धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
हाईवा को पुलिस ने किया जब्त, चालक हिरासत में
पुलिस ने मृतक की बाइक और आरोपी हाईवा वाहन को जब्त कर नगपुरा पुलिस चौकी में रखवा दिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक को हिरासत में ले लिया है।
आगे विधिवत कार्रवाई की जा रही है। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया था।

