करंट से युवक की मौत, ग्रामीणों ने मचाया हंगामा, शव को रख किया प्रदर्शन, 20 लाख मुआवजा मिलने के बाद शांत हुए ग्रामीण

करंट से युवक की मौत, ग्रामीणों ने मचाया हंगामा, शव को रख किया प्रदर्शन, 20 लाख मुआवजा मिलने के बाद शांत हुए ग्रामीण


सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 25 मई। डोंगरगांव क्षेत्र के ग्राम गोडरी स्थित पोल्ट्री फार्म में बीती रात मुर्गियों को दाना देने के दौरान एक युवक करंट की चपेट में आ गया। सहकर्मी आनन-फानन में उपचार के लिए उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे दिन पोल्ट्री फार्म में काम करने वाले कर्मचारी और गांव के ग्रामीणों ने पोल्ट्री फार्म का घेराव कर दिया। शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। 20 लाख रुपये मुआवजा मिलने के बाद ही ग्रामीण शांत हुए।
ग्राम पेंडरवानी निवासी 22 वर्षीय रुपेश साहू एबीस के पोल्ट्री फार्म हाउस में काम करता था। गुरुवार की रात करंट की चपेट में आने से उसकी मृत्यु हो गई। सहकर्मियों ने बताया कि शार्टसर्किट से करंट लगी है। लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

शव को रखकर किया प्रदर्शन

करंट से युवक की मौत के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने पोल्ट्री फार्म के मुख्य गेट के सामने सड़क पर शव को रखकर प्रदर्शन किया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पोल्ट्री फार्म के अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को काफी समझाइश दी। ग्रामीण 30 लाख रुपये की मुआवजा देने की मांग को लेकर अड़े रहे। दो घंटे के प्रदर्शन के बाद कंपनी ने 15 लाख रुपये का चेक और पांच लाख रुपये नकद मृतक के स्वजन को दिया। इसके बाद ग्रामीणों को प्रदर्शन समाप्त हुआ। शव को पीएम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया।

रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा
उपेंद्र शाह, थाना प्रभारी, डोंगरगांव ने बताया कि युवक की मौत करंट से हुई है या अन्य कारण से, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। मृतक के स्वजन को कंपनी की ओर से 15 लाख का चेक और पांच लाख रुपये नकद दिया गया है। वहीं कंपनी ने परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का भी आश्वासन दिया है। शव को पीएम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया।