दुर्ग, 10 जनवरी 2026। दुर्ग–पाटन मुख्य मार्ग पर स्थित राजू ढाबा के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे हाईवा ट्रक की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 8 जनवरी की रात करीब 11:30 बजे का बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक अर्क सिंह पिता विजय बहादुर 34 वर्ष मोटरसाइकिल (CG07AR9982) से शंकराचार्य अस्पताल दुर्ग में भर्ती अपनी दादी को देखकर पाटन स्थित अपने निवास लौट रहा था। इसी दौरान राजू ढाबा के पास पीछे से आ रहे हाईवा ट्रक (CG07BP7880) के चालक ने तेज व खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में अर्क सिंह सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर, चेहरे एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर मौके पर पहुँची पाटन पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाटन में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 9 जनवरी की रात उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने हाईवा चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पाटन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पाटन पुलिस ने मृतक के पिता विजय बहादुर 62 वर्ष की रिपोर्ट पर आरोपी हाईवा चालक के विरुद्ध धारा 184-MOT, 106(1)-BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

