धमधा नाका ओवरब्रिज से कूदकर युवक ने की आत्महत्या की कोशिश

धमधा नाका ओवरब्रिज से कूदकर युवक ने की आत्महत्या की कोशिश


🔴डायल 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल, हालत स्थिर


दुर्ग, 4 फरवरी 2026। मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धमधा नाका ओवरब्रिज पर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने ओवरब्रिज से कूदकर अपनी जान देने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान भानु प्रताप देशमुख (30 वर्ष), पिता कमलेश देशमुख, निवासी जेवरा सिरसा चौकी, नगर निगम भिलाई के वार्ड क्रमांक 13 के रूप में हुई है। वह नगर निगम में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम वह अचानक धमधा नाका ओवरब्रिज से नीचे कूद गया। घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 मोहन नगर थाना टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक मानसिक तनाव में था और घटना के समय नशे की हालत में बताया जा रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।