भिलाईनगर, 22 जनवरी 2026। मां के इलाज और पूजा-पाठ के नाम पर ठगों द्वारा एक दुकानदार से लाखों रुपये और सोने के आभूषण ठग लिए है। 21 जनवरी की रात पीड़ित की रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
छावनी पुलिस ने बताया कि प्रार्थी संजय अठवानी, निवासी सदानी नगर सिंधी कॉलोनी, स्टेशन रोड दुर्ग ने पुलिस को बताया कि धमधा नाका दुर्ग में उनकी “संजय सायकल स्टोर्स” नाम से दुकान है। करीब 15 दिन पहले दो व्यक्ति उनकी दुकान पर सायकल देखने के बहाने आए और बातचीत के दौरान उनका मोबाइल नंबर ले लिया। उन्होंने अपना नाम राजू बताते हुए अपना मोबाइल नंबर भी दिया और बाद में संपर्क करने की बात कही।
2–3 दिन बाद राजू ने फोन कर यह कहकर विश्वास में लिया कि उसे प्रार्थी की मां की तबीयत खराब होने की जानकारी है और पूजा-पाठ से इलाज कर ठीक किया जा सकता है, जिसके लिए कुछ खर्च आएगा। लगातार फोन पर बातचीत के बाद 16 जनवरी 2026 को राजू ने प्रार्थी को पावर हाउस फल मार्केट के पास बुलाया। वहां उसके साथ एक महिला भी थी। इलाज के नाम पर देवी मां को चढ़ाने के लिए एक नारियल और 1100 रुपये लिए गए।
इसके बाद आरोपियों ने कहा कि मां पूरी तरह ठीक हो जाएंगी, इसके लिए घर के मंदिर में मां के पहने हुए सोने के आभूषण और चार लाख रुपये रखने होंगे, जिन्हें 20 जनवरी 2026 को लाकर देना होगा। तय दिन दोपहर करीब 2:30 बजे, आरोपियों ने प्रार्थी को रेलवे स्टेशन पावर हाउस भिलाई के पास बुलाया। प्रार्थी अपनी कार CG07 BS 0514 से वहां पहुंचा और मां के चार सोने के कंगन (प्रत्येक लगभग 15 ग्राम, कुल 60 ग्राम, अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये) तथा नकद 8,82,300 रुपये आरोपियों को सौंप दिए।
आरोपियों ने शाम को घर आकर पूजा करने की बात कही, लेकिन वे नहीं आए। जब प्रार्थी ने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो फोन बंद मिला। इसके बाद ठगी का अहसास हुआ। कुल मिलाकर 13,82,300 रुपये की ठगी की गई।
मामले की जानकारी परिजनों को देने के बाद प्रार्थी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर छावनी पुलिस के द्वारा अपराध क्रमांक 0043/26 आरोपी मोबाइल नंबर 8055722514 के धारक एवं उसके साथी के खिलाफ धारा 3(5)-BNS, 318(4)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

