भिलाई नगर निगम की महिला पार्षद पर 4.39 करोड़ की कथित ठगी का केस दर्ज

भिलाई नगर निगम की महिला पार्षद पर 4.39 करोड़ की कथित ठगी का केस दर्ज


🔴कोर्ट के आदेश पर रीता सिंह, पति और बेटे के खिलाफ भी FIR

भिलाईनगर, 03 अगस्त 2026। भिलाई नगर निगम की महिला पार्षद रीता सिंह, उनके पति रमेशचंद सिंह राजपूत और पुत्र मानवचंद सिंह के खिलाफ करोड़ों रुपये के भूमि एवं खनन संपत्ति सौदे में कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय के आदेश के बाद उतई थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर

उतई थाना पुलिस के अनुसार, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) पाटन शीतल निकुंज ने 31 जुलाई 2026 को परिवादी बीबी सिंह की ओर से दायर आवेदन पर सुनवाई करते हुए उतई थाना प्रभारी को भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 318(2), 318(3), 318(4), 338, 336(3) एवं 340 के तहत एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे। आदेश के पालन में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

4.50 करोड़ का सौदा, 4.39 करोड़ देने का दावा

परिवादी बीबी सिंह का आरोप है कि 29 जनवरी 2024 को ग्राम छांटा, तहसील पाटन स्थित खदान, भूमि, टाटा हिटाची मशीन और भारत बेंज टिपर वाहनों के विक्रय को लेकर इकरारनामा किया गया था। सौदे की कुल राशि 4.50 करोड़ रुपये तय हुई थी, जिसमें से 4.39 करोड़ रुपये आरोपियों को दिए जा चुके हैं।

भूमि और संपत्तियों की जानकारी छिपाने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सौदे के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया गया। जिन भूमि खसरों का सौदा किया गया, उनमें से कुछ पहले से अन्य व्यक्तियों के नाम पर दर्ज थीं, जबकि कुछ दान भूमि अथवा ऐसी श्रेणी की थीं जिनका विक्रय कानूनी रूप से संभव नहीं था। इसके अलावा कुछ संपत्तियां बैंक में बंधक होने के बावजूद इसकी जानकारी नहीं दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि बैंक की एनओसी, खनन पट्टा और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का आश्वासन भी पूरा नहीं किया गया।

पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट पहुंचे परिवादी

बीबी सिंह का कहना है कि उन्होंने फरवरी 2026 में उतई थाना और दुर्ग पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय ने उपलब्ध दस्तावेजों और पुलिस जांच प्रतिवेदन का परीक्षण करने के बाद एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी किया।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

उतई थाना पुलिस का कहना है कि न्यायालय के निर्देशानुसार अपराध दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।