महाशिवरात्रि पर दुर्ग में आस्था का सैलाब, 34 शिवालयों में 550 जवान तैनात

महाशिवरात्रि पर दुर्ग में आस्था का सैलाब, 34 शिवालयों में 550 जवान तैनात


🔴शिवनाथ तट पर बर्फ का शिवलिंग आकर्षण का केंद्र
दुर्ग, 15 फरवरी 2026। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर दुर्ग में भी देवालयों शिवालयों मंदिरों में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ पूजा अर्चना के लिए देखी गई। सुबह से ही भक्तों मंदिरों में पहुंचने लगे।भिलाई के बैकुंठधाम मंदिर, रुक्खड़नाथ मंदिर नारधा और अन्य शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। वहीं दुर्ग में शिवनाथ नदी स्थित शिव मंदिर समेत कई अन्य स्थानों पर भी श्रद्धालुओं के द्वारा पूजा अर्चना की गई। भजन कीर्तन एवं अन्य कार्यक्रम हो रहे हैं।

इसी बीच महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग जिले में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। आज प्रातः 5:00 बजे से ही जिले के विभिन्न शिवालयों में जिला बल, महिला बल, यातायात पुलिस तथा सशस्त्र बल को तैनात कर दिया गया है।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि जिले के कुल 34 प्रमुख शिवालयों में लगभग 550 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। यह बल देर शाम तक श्रद्धालुओं के आगमन एवं भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए मुस्तैदी से तैनात रहेगा।
पुलिस प्रशासन द्वारा मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त यातायात बल तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पर्व के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

दुर्ग में बर्फ से बनाया गया शिवलिंग

दुर्ग में शिवनाथ नदी के तट पर बर्फ की सिल्ली से आकर्षक शिवलिंग का निर्माण कराया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां प्राचीन मंदिर होने के कारण हर वर्ष भव्य मेले का आयोजन होता है। नगर निगम दुर्ग के द्वारा मेले के आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए हैं।