स्कूल से लौट रही शिक्षिका से कट्टे की नोक पर लूट, नकाबपोश बदमाश पर्स, मोबाइल लेकर फरार

स्कूल से लौट रही शिक्षिका से कट्टे की नोक पर लूट, नकाबपोश बदमाश पर्स, मोबाइल लेकर फरार


भिलाईनगर, 06 अगस्त 2026। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही एक शिक्षिका से कट्टे की नोक पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो नकाबपोश बदमाशों ने ऑटो रुकवाकर पहले चालक को धमकाया, फिर शिक्षिका से छीनाझपटी कर पर्स लूट लिया और फरार हो गए। विरोध करने पर ऑटो चालक के सिर पर भी चोट आई।

पुलिस के अनुसार, योगिता राज पुरोहित, जो ग्राम जामगांव (एम) स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में व्याख्याता हैं, बुधवार शाम करीब 4 बजे स्कूल से छुट्टी के बाद ऑटो चालक राजेश धीवर के साथ भिलाई-3 स्थित अपने घर लौट रही थीं। दोनों ग्राम अमेरी-बटंग-नारधी मार्ग से गुजर रहे थे।

हाई स्कूल से करीब 400 मीटर पहले एक मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने ऑटो रुकवाया। एक बदमाश ने पाटन का रास्ता पूछने का बहाना बनाया और अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान दूसरे आरोपी ने ऑटो चालक के कान पर कट्टानुमा हथियार अड़ा दिया।

इसके बाद बदमाशों ने शिक्षिका से पर्स मांगा। मना करने पर उन्होंने छीनाझपटी कर पर्स छीन लिया। संघर्ष के दौरान ऑटो चालक राजेश धीवर के सिर पर चोट भी लगी। बदमाश शिक्षिका का पर्स और चालक का मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।

लूटे गए पर्स में ओप्पो मोबाइल फोन, एचडीएफसी बैंक का एटीएम कार्ड, एसबीआई का एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड, घर की चाबी तथा करीब 6 हजार रुपये नकद रखे थे।

घटना की रिपोर्ट पर अमलेश्वर पुलिस ने अज्ञात दो आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।