तेज रफ्तार वाहन ने सिरसा चौक से औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार को मारी ठोकर, घटनास्थल पर मौत

<em>तेज रफ्तार वाहन ने सिरसा चौक से औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार को मारी ठोकर, घटनास्थल पर मौत</em>



भिलाईनगर 12 फरवरी। भिलाई-3 थाना क्षेत्र में ग्राम उम्दा त्रिसंगम चौक के पास रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में मृतक नाबालिग की पहचान हो गई है। मृतक लक्ष्मण प्रसाद पटेल उर्फ लक्की ( 17 वर्ष ) चांदनी चौक यादव मोहल्ला पुरैना का निवासी है। पुलिस ने आज पोस्ट मार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर को सिरसा चौक से औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले सड़क पर त्रिसंगम चौक के पास एक नाबालिग युवक की किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पुरैना निवासी लक्ष्मण प्रसाद पटेल उर्फ लक्की के रूप में हुई है। मृतक मोटर साइकिल से जा रहा था। तभी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दिया। जिससे युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फिलहाल भिलाई-3 पुलिस दुर्घटना की जिम्मेदार वाहन की पहचान के लिए घटना स्थल के आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि मृतक दो भाईयों में छोटा था। उसके माता-पिता बलौदाबाजार जिले के रहने वाले हैं और रोजी रोटी के सिलसिले में कुछ समय से पुरैना में रह रहे थे। आज पोस्ट मार्टम के बाद अंतिम संस्कार हेतु मृतक के शव को लेकर परिजन बलौदाबाजार जिले के गृहग्राम रवाना हुए।