नेशनल हाईवे किनारे टायर बदल रहे 4 लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, एक घायल भेजा गया अस्पताल

नेशनल हाईवे किनारे टायर बदल रहे 4 लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, एक घायल भेजा गया अस्पताल



सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 24 अक्टूबर। आज सुबह 4 किसानों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया है। इस एक्सीडेंट में तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर है। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। बुलंदशहर में आज सुबह हुए इस भीषण हादसे में कासगंज से धान बेचने जहांगीराबाद मंडी जा रहे किसानों की मौत हो गई है।

आपको बता दें कि यह दर्दनाक हादसा अलीगढ़ मुरादाबाद नेशनल हाईवे-509 पर दानपुर गांव के पास हुआ। सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार कासगंज से धान बेचने जहांगीराबाद मंडी जा रहे किसानों की मैक्‍स गाड़ी का टायर रास्ते में पंचर हो गया था। अलीगढ़-मुरादाबाद नेशनल हाईवे किनारे गाड़ी खड़ी कर वो टायर बदलने लगे। तभी अलीगढ़ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने चार लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। हादसे में सतीश चंद्र, राम सिंह और संजू सिंह की मौके पर मौत हो गई जबकि विजय नामक युवक घायल है।