🔴आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
दुर्ग, 13 अप्रैल 2026 । उतई थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है, जिसमें सड़क किनारे बैठी गायों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उतई पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 की रात आदर्श नगर उतई में सड़क किनारे कुछ गायें बैठी थीं। इसी दौरान पउवारा से उतई की ओर आ रहे टाटा 1109 (क्रमांक CG08L2489) के चालक विकास साहू ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए गायों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृत गायों में एक काले रंग की, एक भूरे रंग की और एक लाल-सफेद रंग की गाय शामिल है।
वहीं, हादसे में तीन अन्य गायें गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिनके पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना को योगेश कानेकर सहित अन्य प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा।
मामले में प्रार्थी कामता महिपाल (40 वर्ष) की रिपोर्ट पर उतई पुलिस ने आरोपी चालक विकास साहू के खिलाफ अपराध क्रमांक 0199/26 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 184 एलकेएस, 281 एवं 325 बीएनएस के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल पशुओं के उपचार की व्यवस्था भी की जा रही है।

