🔴सर्व समाज कल्याण समिति अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के आह्वान पर जुटे हजारों भक्त
भिलाईनगर, 03 अप्रैल 2026। चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर भिलाई शहर में श्री हनुमंत जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में कोहका स्थित बीरा जी के अंगना में सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू के नेतृत्व में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।

भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11:00 बजे हुई, जिसमें हनुमान चालीसा पाठ, हवन-पूजन एवं अभिषेक का आयोजन किया गया। महंत कान्हा जी महाराज एवं देवा जी महाराज की विशेष उपस्थिति में पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
इस दौरान 51 पंडितों के सानिध्य में हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

महाभंडारा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
दोपहर 1 बजे से शुरू हुए महाभंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शहर के सभी वर्गों के लोगों की भागीदारी ने आयोजन को और भी खास बना दिया।
धार्मिक के साथ सामाजिक संदेश
इस आयोजन की खास बात यह रही कि धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी जोड़ा गया। बच्चों के लिए कराटे डेमो क्लास आयोजित की गई, वहीं बच्चियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।

पूरे शहर में दिखा उत्साह
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पूरे भिलाई शहर में “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष गूंजते रहे। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां भक्तों ने बजरंगबली को सिंदूर चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजकों का संदेश
समाजसेवी इंद्रजीत सिंह छोटू ने सभी के कल्याण की कामना करते हुए कहा कि भगवान हनुमान के साहस, सेवा और समर्पण भाव को जीवन में अपनाना ही सच्ची भक्ति है।
जन-जन का बना उत्सव
जगह-जगह निकली शोभायात्राओं और भंडारों ने इस पर्व को जन-जन का उत्सव बना दिया। युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने धार्मिक माहौल को और अधिक सकारात्मक व ऊर्जावान बना दिया।


