दुर्ग सेंट्रल जेल में पॉक्सो एक्ट के सजायाफ्ता कैदी की मौत, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

दुर्ग सेंट्रल जेल में पॉक्सो एक्ट के सजायाफ्ता कैदी की मौत, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित


दुर्ग, 23 जुलाई 2026। दुर्ग सेंट्रल जेल में पॉक्सो एक्ट के एक सजायाफ्ता कैदी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। कैदी बुधवार शाम अपने सेल में अचानक मूर्छित हो गया था। जेल प्रशासन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

सेंट्रल जेल दुर्ग के जेल अधीक्षक मनीष सांभाकर ने बताया कि मृतक गजानंद राव (68 वर्ष), पिता गणपत राव,था। वह पॉक्सो एक्ट के एक मामले में 20 वर्ष के कारावास की सजा काट रहा था और 11 जून 2026 को सेंट्रल जेल दुर्ग में दाखिल किया गया था।

जेल अधीक्षक के अनुसार, गजानंद राव लंबे समय से दमा (अस्थमा) से पीड़ित था। बुधवार शाम करीब 5:45 बजे वह अपने सेल में बैठा था, तभी अचानक मूर्छित होकर गिर पड़ा। जेल कर्मचारियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस और जेल प्रशासन मामले की नियमानुसार कार्रवाई में जुटे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कैदी की मौत बीमारी के चलते हुई प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।