🔴वन विभाग छत्तीसगढ़ का जागरूकता अभियान
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 01 मार्च। वनमंडल बालोद के वांग्राम बड़भूम परिक्षेत्र गुरूर में कल वन विभाग एवं Earth Retreat Foundation के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय जन-जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य घने जंगलों और वन्यप्राणियों की रक्षा करना तथा बढ़ती मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।

अभियान के तहत ग्रामीणों और विद्यार्थियों को वन्यजीवों से संभावित खतरों, सुरक्षा उपायों, संघर्ष की स्थिति में अपनाए जाने वाले व्यवहारिक कदमों तथा शासन की मुआवजा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य मानव जीवन की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण सुनिश्चित करना था।
लोकनृत्य और चित्रकला से दिया संरक्षण का संदेश
अभियान को जनसुलभ और प्रभावी बनाने के लिए विद्यार्थियों ने चित्रकला, पोस्टर, रंगोली और पेंटिंग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं लोकनृत्य प्रस्तुतियों के जरिए सरल भाषा में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इन नवाचारों से कार्यक्रम में उल्लेखनीय जनभागीदारी देखने को मिली और यह अभियान जनआंदोलन का रूप लेता नजर आया।

मुख्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में वनमंडल अधिकारी अभिषेक अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष हीराबाई तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अर्थ रिट्रीट फाउंडेशन की संस्थापक अनुभा द्विवेदी शामिल हुईं।
वनमंडल अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा,
“हम और वन दोनों एक दूसरे के मित्र हैं, यह मित्रता पीढ़ी दर पीढ़ी बढ़ती रहे, यही हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण, जंगलों में सतर्कता बरतने और किसी भी वन्यजीव गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को देने की अपील की।

जलवायु परिवर्तन और स्वरोजगार पर भी चर्चा
संस्थापक अनुभा द्विवेदी ने जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण, वर्मीकम्पोस्ट निर्माण एवं स्वरोजगार से जुड़े विषयों पर जानकारी दी। पर्यावरण संरक्षण को सशक्त करने हेतु ग्रामीणों को पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया और सामूहिक रूप से वन-संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में एसडीओ श्री साहू एवं श्री डोंगरे, वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री भंडारी, डिप्टी रेंजर सहित विभागीय अमला तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

