ए पी त्रिपाठी बिहार से गिरफ्तार, पप्पू बंसल का घर सील, विजय भाटिया सहित दो दर्जन ठिकानों पर एसीबी की छापे

ए पी त्रिपाठी बिहार से गिरफ्तार, पप्पू बंसल का घर सील, विजय भाटिया सहित दो दर्जन ठिकानों पर एसीबी की छापे


सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क, 11 अप्रैल। एसीबी ईओडब्लू ने पूर्व आईटीएस अधिकारी और आबकारी विभाग के विशेष सचिव एपी त्रिपाठी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। 11 माह की जेल के बाद त्रिपाठी कुछ महीने पहले ही जमानत पर रिहा हुए थे। ईडी की एफआईआर के बाद से एसीबी उन्हें बार-बार समन कर रही थी। लेकिन वे फरार होकर बिहार गृह नगर जा चुके थे। दो दिन पहले वहां पहुंची टीम ने त्रिपाठी को गिरफ्तार कर रायपुर रवाना हो गई है। इस मामले में अरविन्द सिंह, अनवर ढेबर के बाद यह तीसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले एसीबी की बड़ी टीम ने राजधानी समेत दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर में शराब कारोबारियों, ठेकेदारों, आबकारी अधिकारियों, चार्टर्ड एकाउंटेंट एवं वकीलों के यहां दबिश दी है। इसे शराब घोटाले से जुड़ी छापेमारी बताया गया है।
नेहरू नगर और न्यू खुर्सीपार (दुर्ग भिलाई) में बड़े शराब कारोबारी के यहां एसीबी ईओडब्लू ने छापे मारे हैं। करीब दो दर्जन गाडिय़ों में जांच अधिकारियों ने पप्पू बंसल (लक्ष्मीनारायण बंसल) और विजय भाटिया के ठिकानों पर दबिश दी है। दोनों दुर्ग भिलाई में कांग्रेस का फंड सम्हालने वाले बड़े नेता और पूर्व सीएम भूपेश बघेल के करीबी हैं।


एसीबी कारोबारी अरविंद सिंह और अनवर ढेबर को गिरफ्तार कर चुकी है। कोर्ट के निर्देश पर दोनों के हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार भिलाई में छापा अरविंद सिंह और अनवर ढेबर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर मारे गए हैं।
दोनों के यहां पिछले डेढ़ वर्ष में कई बार ईडी और आयकर विभाग ने भी छापेमारी की थी। यह ईडी की एसीबी में एफआईआर के बाद यह पहली छापेमारी है।
सूत्रों ने बताया कि करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों को सुबह 8 बजे से पहले टीमों ने घेरा। राजधानी में स्वर्ण भूमि और कटोरा तालाब में कार्रवाई चल रही है। इनमें, आईटीएस अफसर एपी त्रिपाठी, बिलासपुर अज्ञेय नगर निवासी सीए संजय मिश्रा के भी ठिकाने हैं। संजय शराब कारोबारी अतुल सिंह के चार्टड एकाउंटेंड हैं। इनके अलावा राजनांदगांव, बिलासपुर में भी रेड की गई। अब तक जांच के हवाले से एसीबी के सूत्रों ने देर शाम तक कुछ और गिरफ्तारी होने की जानकारी दी है।

एसीपी रेड के पहले पप्पू को हुई जानकारी निकल भागा

बताया जा रहा है कि बंसल की लंबे समय से तलाश चल रही थी। आज भी उसके घर पर होने की पुष्टि नहीं हो रही है। यह भी खबर है कि उसे इस कार्रवाई
की सूचना कल रात ही मिल गई थी। और वह घर से निकल गया। विजय भाटिया के यहां करीब 6 वर्ष बाद राज्य की एजेंसी ने दबिश दी है। कांग्रेस शासन काल में तो इन एजेंसियों ने कभी रूख नहीं किया।

राजधानी में 6 जगह जांच की खबर

अकेले रायपुर शहर में पांच स्थानों पर एसीबी की जांच चल रही है। इनमें समता कॉलोनी निवासी अनिल और सौरभ अग्रवाल के अलावा सदर बाजार
के नाहटा मार्केट, महावीर नगर, देवेन्द्र नगर, और पंडरी इलाके के दलदल सिवनी में भी जांच जारी है। हालांकि यहां के कारोबारियों के नाम नहीं मिल पाए हैं। बताया गया कि एसीबी की जांच में अब हवाला की भी एंट्री हो गई है। शराब की कमाई को हवाला कारोबारियों के जरिए मनी लॉड्रिंग की गई थी। इनमें से कुछ लोगों से पूर्व में ईडी ने भी पूछताछ की थी। अग्रवाल भाइयों के यहां से दोपहर बाद एसीबी अफसर दस्तावेजी सबूत लेकर लौट आए, साथ ही दोनों को रायपुर छोडने पर मना कर दिया है।

पप्पू बंसल का दीनदयाल पुरम न्यू खुर्सीपार स्थित निवास सील

एसीबी ने पप्पू बंसल के दीनदयाल पुरम न्यू खुर्सीपार दुर्ग स्थित निवास को सील कर दिया है। चस्पा किए गए नोटिस में कहा है कि विशेष न्यायालय रायपुर के द्वारा जारी सर्च वारंट की तामील के लिए टीम पहुंची थी और घर बंद पाए जाने पर उसे सील कर दिया गया है। बगैर अनुमति मकान की सील न खोली जाए। टीम वारंट तामील के लिए अपराध क्रमांक 04/2024, धारा 7, 12, भ्र.नि.अधि. यया संशोधित 2018 एवं, 120बी, 467, 468, 420, 384, 471 भादवि की विवेचना के संदर्भ में गई थी।