दुर्ग में 22 मई को लगेगा विशाल रोजगार मेला, 2300 से अधिक पदों पर होगी भर्ती

दुर्ग में 22 मई को लगेगा विशाल रोजगार मेला, 2300 से अधिक पदों पर होगी भर्ती


दुर्ग, 13 मई 2026। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र और छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीएसआईटी) के संयुक्त तत्वावधान में 22 मई 2026, शुक्रवार को जिला स्तरीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला शिवाजी नगर स्थित सीएसआईटी परिसर में आयोजित होगा।

कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा 2300 से अधिक तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार कार्यालय के अनुसार मेले में कुल 10 नियोजक भाग लेंगे, जिनके माध्यम से 2,347 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा।

रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों से लेकर स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा तथा इंजीनियरिंग स्नातक तक के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके अलावा मेडिकल क्षेत्र से जुड़े एमबीबीएस, बीएएमएस, जीएनएम, एएनएम और पैरामेडिकल डिप्लोमा धारकों के लिए भी बड़ी संख्या में पद उपलब्ध रहेंगे।

इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए रोजगार पंजीयन अनिवार्य रखा गया है। रिक्तियों की विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग की वेबसाइट तथा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप पर उपलब्ध है।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मालवीय नगर चौक स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में संपर्क कर सकते हैं।